Haldwani News: नैनीताल रोड आज जीरो जोन, शहर में वाहनों की नो एंट्री
Haldwani News: हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए मतगणना मंगलवार को होगी। नैनीताल रोड को जीरो जोन घोषित किया गया है, जहां वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। बाईपास मार्गों का उपयोग होगा, और सभी बसें निर्धारित रूट से चलेंगी। चुनाव अधिकारियों के लिए वाहन पार्किंग की सुविधा भी होगी।

Haldwani News: हल्द्वानी, वरिष्ठ संवाददाता। हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए मंगलवार को मतदान होगा। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने नैनीताल रोड व इससे लगे आसपास के इलाकों को जीरो जोन घोषित कर दिया है। सुबह छह बजे से मतगणना पूरी होने तक नैनीताल रोड में छोटे-बड़े वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। यातायात निरीक्षण भूपेश पांडेय ने बताया कि आवागमन के लिए बाईपास मार्गों का प्रयोग होगा।
यातायात की व्यवस्था
बरेली रोड से पहाड़ जाने वाले वाहन तीनपानी फ्लाईओवर से गौलापार बाईपास होते हुए नरीमन तिराहे से जाएंगे। रामपुर रोड से आकर पहाड़ चढ़ने वाले वाहन गन्ना सेंटर तिराहे से डायवर्ट होकर बरेली रोड से तीनपानी फ्लाईओवर, गौलापार रोड से नरीमन निकलेंगे। जिन वाहनों को कालाढूंगी रोड की ओर जाना है, वे पंचायतघर तिराहा से डायवर्ट होकर आरटीओ रोड होते हुए जाएंगे। पहाड़ से आने वाले वाहन नरीमन से डायवर्ट होकर गौलापार रोड होते हुए जाएंगे। पहाड़ से हल्द्वानी शहर की ओर आने वाली रोडवेज-केमू की सभी बसें नरीमन तिराहे से गौलापार रोड, इंद्रानगर गेट, शनि बाजार रोड, मंडी से सिंधी चौराहा होते हुए रोडवेज-केमू स्टेशन को आएंगी। पहाड़ जाने वाली बसें रोडवेज पूर्वी गेट से ताज चौराहा होते हुए गौलापुल से गौलापार रोड होते हुए नरीमन तिराहे से जाएंगीं।
काठगोदाम से शहर आने के रास्ते
काठगोदाम क्षेत्र से शहर आने वाले वाहन कॉलटैक्स, हाइडिल तिराहा से डायवर्ट होकर पनचक्की तिराहा से चंबल पुल से लालडांठ तिराहा, ऊंचापुल चौराहा होते हुए जाएंगे। इसके साथ ही आवास विकास तिराहा से ठंडी सड़क से तिकोनिया चौराहा तक आ सकेंगे। हल्द्वानी से काठगोदाम की ओर जाने वाले वाहन तिकोनिया चौराहा, कैनाल रोड होते हुए कुल्यालपुरा चौराहा से पानी की टंकी, पनचक्की चौराहा होते हुए जाएंगे। चुनाव व मतगणना ड्यूटी में शामिल होने वाले अधिकारी, कर्मचारी, मीडियाकर्मियों के वाहन एमबी इंटर कॉलेज ग्राउंड में पार्क होंगे।
जीरो जोन का विवरण
ये रहेगा जीरो जोन
दुर्गा सिटी सेंटर तिराहा से महारानी होटल तिराहा तक।
कुल्यालपुरा चौराहा से सरस्वती रेस्टोरेंट तिराहा तक।
कलावती चौराहा से कुल्यालपुरा चौराहा तक।


