Haldwani News: हल्द्वानी की दो बड़ी चोरियों के मास्टरमाइंड अब भी फरार
Haldwani News: हल्द्वानी में पिछले साल हुई दो बड़ी चोरियों के मुख्य आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। कुसुमखेड़ा स्थित ज्वैलरी शॉप से करीब डेढ़ करोड़ रुपये के आभूषण चोरी हुए थे, जबकि कारोबारी दीपक अग्रवाल के घर से भी कीमती सामान गायब हुआ। दोनों मामलों में पुलिस जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Haldwani News: हल्द्वानी, वरिष्ठ संवाददाता। हल्द्वानी में पिछले साल हुई दो बड़ी चोरियों के मामले में नेपाली मूल के दो मुख्य आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। एक वारदात में ज्वैलरी शॉप से करीब डेढ़ करोड़ रुपये के आभूषण चोरी हुए, जबकि दूसरी में शहर के बड़े कारोबारी के घर को निशाना बनाया गया था। कुसुमखेड़ा चौराहे पर राधिका ज्वैलरी शॉप के बगल में दुकान किराये पर लेने वाले जनकराज जोशी ने कथित तौर पर मरम्मत की आड़ में दीवार में सेंध लगाई। 19-20 दिसंबर की रात चोर करीब डेढ़ करोड़ रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गए। पुलिस कुछ आरोपियों तक पहुंची, लेकिन कथित मास्टरमाइंड जनकराज अब भी पकड़ से बाहर है।
दूसरी घटना 26 नवंबर को कारोबारी दीपक अग्रवाल के घर हुई। नेपाली मूल की रंबा ऑनलाइन माध्यम से नौकरानी बनकर पहुंची और परिवार का विश्वास जीत लिया। आरोप है कि उसने दीपक और उनकी पत्नी को नशीला पदार्थ मिला जूस पिलाया और उनके बेहोश होने पर घर से कीमती सामान लेकर फरार हो गई। दोनों मामलों में मुख्य आरोपियों का सुराग नहीं लग सका है। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।


