Haldwani News: हल्द्वानी में टूटी सड़कें बिगाड़ रहीं वाहनों की सेहत
Haldwani News: हल्द्वानी की सड़कें गड्ढों से भरी हुई हैं, जिससे चालकों को आर्थिक और शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरेली रोड, तिकोनिया और अन्य क्षेत्रों में सड़कें बेहाल हैं, जिसके कारण वाहनों को भारी नुकसान हो रहा है। मुख्यमंत्री ने सड़कों को गड्ढामुक्त करने के आदेश दिए हैं।

Haldwani News: हल्द्वानी। हल्द्वानी शहर की बदहाल सड़कें वाहनों की सेहत बिगाड़ रही हैं। चालकों को भी शारीरिक परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। इससे लोगों पर आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है। शहर में बरेली रोड, तिकोनिया, मुखानी चौराहा, रामपुर रोड समेत अन्य प्रमुख सड़कें, गली-मोहल्ले और ग्रामीण इलाके गड्ढों से बेहाल हैं। बारिश में जलभराव के बाद गड्ढे दिखाई नहीं देते। ऐसे में दोपहिया चालक जहां गिरकर चोटिल होते हैं वहीं कारों के टायर, रिम, सस्पेंशन और निचले हिस्से को नुकसान पहुंचता है। गड्ढे से बचने के लिए अचानक ब्रेक या दिशा बदलना हादसे का खतरा और बढ़ा देता है। ‘हिन्दुस्तान’ की ओर से की गई पड़ताल में सर्विस सेंटर, मैकेनिकों, चिकित्सकों और वाहन चालकों से बातचीत के आधार पर सामने आया कि सड़कों पर गड्ढों के कारण एक दोपहिया वाहन पर सालाना 11.3 से 18.9 हजार रुपये, जबकि कार पर 28 से 49.5 हजार रुपये तक का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। इस बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 15 अक्तूबर तक प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए हैं.
फ्यूल एफिशिएंसी घटती है
हरयाल कार सर्विस स्टेशन के फोरमैन चेतन पंत और दोपहिया वाहन मैकेनिक मो. सादिक के मुताबिक गड्ढों में बार-बार ब्रेक, क्लच और लोअर गियर के इस्तेमाल से फ्यूल एफिशिएंसी 15 से 22 प्रतिशत तक घट सकती है। सामान्यत: 60 से 80 हजार किमी चलने वाला सस्पेंशन खराब सड़कों पर काफी पहले खराब हो रहे हैं। व्हील अलाइनमेंट बिगड़ने से टायर भी समय से पहले घिस रहे हैं।
गड्ढों से बढ़ रहा चोट का खतरा
विवेकानंद अस्पताल के सीनियर न्यूरोसर्जन डॉ. महेश शर्मा और साईं अस्पताल के आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. मनीष कुमार मौर्य के अनुसार लगातार लगने वाले माइक्रो-जर्क्स से कमर, गर्दन और मांसपेशियों की दिक्कत बढ़ सकती है। दोपहिया चालकों में रीढ़ पर झटकों का असर अधिक पड़ता है।
बरेली रोड पर नवीन मंडी के पास जलभराव में गड्ढा नहीं दिखा और स्कूटी सहित गिर गया। कंधे में चोट के बाद एक महीने से फिजियोथेरेपी चल रही है। दस दिन के सेशन पर करीब चार हजार रुपये खर्च हो रहे हैं।
शिखर दत्त, छड़ैल हल्द्वानी
केमू बस अड्डे के पास गड्ढे में पत्थर लगने से कार के इंजन ऑयल सम्प में दरार आ गई। पूरा ऑयल बह गया और मरम्मत में करीब दो हजार रुपये लगे।
राजेंद्र सिंह बिष्ट, गौलापार
नुकसान का दायरा टू-व्हीलर फोर-व्हीलर
सस्पेंशन, बुश व शॉक-एब्जॉर्बर 2,200 - ₹3,500 ₹8,500 - ₹14,000
टायर डैमेज, रिम बेंड व साइड-कट 1,500 - ₹2,500 6,000 - ₹11,000
अलाइनमेंट, बैलेंसिंग व थ्रस्ट वियर 800 - ₹ 1,200 3,000 - ₹5,000
ईंधन की बर्बादी (लोअर गियर ड्रैग) 2,800 - ₹4,200 8,000 - ₹13,500
स्वास्थ्य पर खर्च ₹ 4,000 - ₹7,500 2,500 - ₹6,000
कुल सालाना खर्च ₹ 11,300 - ₹18,900 ₹28,000 - ₹49,500
सड़कों की मरम्मत को लेकर टेंडर करवा लिए गए हैं, बरसात खत्म होने के बाद काम शुरू कर दिया जाएगा।
- प्रत्यूष कुमार, अधिशासी अभियंता , लोनिवि

