Haldwani News: नैनीताल रोड पर रातभर में ही उखड़ गया पेचवर्क
Haldwani News: हल्द्वानी की नैनीताल रोड पर भोटिया पड़ाव टैक्सी स्टैंड के पास रात में किया गया पेचवर्क कुछ ही घंटों में उखड़ने लगा। सड़क पर बिखरी रोड़ी से दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने का खतरा है। मंडी के पास गड्ढे अब भी नहीं भरे गए हैं। यूयूएसडीए के परियोजना प्रबंधक ने बताया कि तिकोनिया से नरीमन तिराहे तक सड़क की एक नई लेयर बनाई जाएगी।

Haldwani News: हल्द्वानी। नैनीताल रोड पर गड्ढे भरने के नाम पर की गई मरम्मत की पोल शुक्रवार सुबह होते ही खुल गई। भोटिया पड़ाव टैक्सी स्टैंड के पास रात में किया गया पेचवर्क कुछ ही घंटों में उखड़ने लगा। इससे सड़क पर बिखरी रोड़ी से दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने का खतरा बढ़ गया। वहीं, मंडी के पास अब भी गड्ढे नहीं भरे गए हैं। ऐसे में सड़क सुधारने के निर्देशों के बावजूद वाहन चालकों को राहत नहीं मिल पा रही है। गुरुवार देर शाम हुई बैठक में सड़कों की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए गए थे। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने संबंधित विभागों को गड्ढे भरने और लोगों को राहत देने को कहा था। इसके बाद उत्तराखंड अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी (यूयूएसडीए) ने नैनीताल मार्ग पर भोटिया पड़ाव के पास पेचवर्क कराया। हालांकि, मरम्मत के कुछ ही घंटे बाद रोड़ी उखड़ने लगी। इससे काम की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
रोड़ी बिखरने से दोपहिया चालकों को खतरा
रोड़ी बिखरने से दोपहिया चालकों को खतरा
भोटिया पड़ाव टैक्सी स्टैंड के पास सड़क पर बिखरी रोड़ी से दोपहिया वाहन चालकों को संभलकर निकलना पड़ रहा है। तेज रफ्तार या अचानक ब्रेक लगाने पर वाहन फिसलने का खतरा है। बड़े वाहन भी यहां धीमी गति से निकल रहे हैं। टैक्सी चालक आनंद दरम्वाल ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति से छोटे वाहन चालकों को अधिक परेशानी हो रही है। शहर की दूसरी सड़कों पर भी गड्ढे हैं, जबकि कई जगह सड़कें खुदी पड़ी हैं।
मंडी के पास गड्ढे अब भी जस के तस
मंडी के पास गड्ढे जस के तस
नैनीताल रोड पर मंडी के पास सड़क की हालत अब तक नहीं सुधरी है। यहां गड्ढों से वाहन हिचकोले खा रहे हैं। एक तरफ भोटिया पड़ाव में पेचवर्क उखड़ रहा है, तो दूसरी ओर मंडी के पास गड्ढे भरे जाने का इंतजार है। जल्दबाजी में कराए गए काम की गुणवत्ता और मरम्मत में देरी से सड़क पर चलना लोगों के लिए मुश्किल बना हुआ है।
यूयूएसडीए की ओर से सड़क सुधार का काम
नैनीताल रोड पर तिकोनिया से नरीमन तिराहे तक पूरी एक लेयर नई बना दी जाएगी। यूयूएसडीए अन्य सड़कों पर गड्ढे भरने का काम कर रही है।
-गुरप्रीत सिंह, परियोजना प्रबंधक यूयूएसडीए

