Haldwani News: पालिका, एसटीएच सहित कई पर करोड़ों बकाया, ट्रेंचिंग ग्राउंड में कूड़ा लेना होगा बंद
Haldwani News: हल्द्वानी नगर निगम ने कूड़ा निस्तारण का भुगतान नहीं करने वाले निकायों को नोटिस जारी किया है। यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ, तो ट्रेंचिंग ग्राउंड में कूड़ा लेना बंद किया जाएगा। नैनीताल नगर पालिका पर सबसे ज्यादा 3.18 करोड़ रुपये का बकाया है।

Haldwani News: हल्द्वानी, कार्यालय संवाददाता। कूड़ा निस्तारण का भुगतान नहीं करने वाले निकायों पर नगर निगम हल्द्वानी सख्त हो गया है। निगम ने बकाया नहीं देने वाले निकायों को नोटिस जारी कर कहा है कि जल्द भुगतान नहीं किया तो ट्रेंचिंग ग्राउंड में कूड़ा लेना बंद कर दिया जाएगा। जिससे जिले के निकायों के साथ ही अन्य संस्थानों में कूड़े का निस्तारण ठप होने की आशंका बनी हुई है।
कूड़ा निस्तारण प्रक्रिया
गौलापार में बने ट्रेंचिंग ग्राउंड में नगर निगम हल्द्वानी के साथ जिले के अन्य निकायों का कूड़ा पहुंचता है। इसके साथ ही जिला पंचायत और अन्य संस्थान भी यहां कूड़ा भेजते हैं। इसके निस्तारण के लिए नगर निगम को नियमानुसार भुगतान करना होता है। वहीं लंबे समय से इसके लिए नगर निगम को निकाय और संस्थानों ने शुल्क का भुगतान नहीं किया है। सबसे ज्यादा बकाया नैनीताल नगर पालिका पर है। नैनीताल पालिका ने 3.18 करोड़ रुपये का भुगतान नहीं किया है। भीमताल नगर पालिका पर 84 लाख, भवाली पर 61 लाख और लालकुआं नगर पंचायत पर 39 लाख रुपये बकाया है।
भुगतान की स्थिति
इसके अलावा जिला पंचायत, एसटीएच के साथ ही मिलिट्री स्टेशन और सीआरपीएफ का लाखों रुपये का बकाया हो गया है। भुगतान नहीं किए जाने पर बकाया की रकम बढ़ती जा रही है। जिससे नगर निगम को कूड़ा निस्तारण और ट्रेंचिंग ग्राउंड के रखरखाव में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके लिए अब निगम ने सभी बकायेदारों को चेतावनी नोटिस भेजा है। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि तय समय में बकाया जमा नहीं किया गया तो उनके क्षेत्र का कूड़ा ट्रेंचिंग ग्राउंड में नहीं लिया जाएगा। ऐसी स्थिति में निकायों को अपने स्तर पर कूड़े के निस्तारण की व्यवस्था करनी होगी.
बकाया धनराशि
कूड़ा निस्तारण का बकाया
संस्थान बकाया धनराशि
नगर पालिका नैनीताल 3.18 करोड़
नगर पालिका भवाली 61 लाख
नगर पालिका भीमताल 84 लाख
नगर पंचायत लालकुआं 39 लाख
जिला पंचायत 63 लाख
एसटीएच 20 लाख
मिलिट्री स्टेशन 13.85 लाख
सीआरपीएफ 3.67 लाख
नोट : धनराशि नगर निगम के अनुसार रुपये में दी गई है।
कोट -
कूड़ा निस्तारण का शुल्क देने के लिए नोटिस भेजे गए हैं। धनराशि जमा नहीं होने पर कूड़ा नहीं लिया जाएगा।
चंद्रशेखर टोलिया, वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी नगर निगम हल्द्वानी


