डहरिया में खुली नहर कवर कर बनेगी टू लेन सड़क
हल्द्वानी के डहरिया क्षेत्र में दो किमी लंबी खुली नहर को कवर किया जाएगा। सिंचाई विभाग ने इसके लिए टेंडर जारी कर दिए हैं। कवरिंग के बाद सड़क का निर्माण होगा, जिससे सड़क दो लेन में बदल जाएगी और स्थानीय लोगों को सुरक्षा और आवाजाही में सुविधा मिलेगी।
हल्द्वानी। डहरिया क्षेत्र के लिए एक बड़ी राहत देने वाली खबर है। क्षेत्र में बहने वाली दो किमी लंबी खुली नहर कवर होगी। इसके लिए सिंचाई विभाग ने टेंडर जारी कर दिया है। नहर कवरिंग का काम पूरा होते ही लोनिवि इसके ऊपर सड़क का निर्माण करेगी। इससे सिंगल लेन सड़क टू लेन में तब्दील हो जाएगी और खुली नहर से होने वाले खतरों से निजात मिलेगी। डहरिया में एसटीच के पीछे से देवलचौड़ तक की नहर वर्षों से खुली होने के कारण स्थानीय जनता के लिए खतरा बनी हुई है। बरसात के दिनों में इसके किनारों पर फिसलन और पानी का बहाव तेज होने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता था।
वहीं नहर के पास से होकर गुजरने वाली सड़क के तंग होने से लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसके समाधान के लिए नहर को कवर करने की मांग लगातार की जाती रही है। इसके लिए बनाए गए प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद सिंचाई विभाग को बजट मिल गया है। विभाग ने 19.65 करोड़ की लागत से नहर कवरिंग के लिए टेंडर जारी कर दिए हैं। प्रक्रिया के पूरा होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसके बाद लोक निर्माण विभाग यहां सड़क का निर्माण करेगा। इसके लिए भी बजट की मंजूरी विभाग को मिल गई है। ऐसे में खतरा बनी नहर कवर होने से जहां स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी। वहीं सड़क चौड़ीकरण होने से आवाजाही के लिए एक बेहतर सड़क का निर्माण होगा। कोट : एसटीएच के पीछे से देवलचौड़ तक नहर कवर की जा रही है। इसके लिए टेंडर जारी कर दिए हैं। नहर कवरिंग के बाद यहां सडक का निर्माण होगा। दिनेश रावत, अधिशासी अभियंता, सिंचाई विभाग

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




