
पाकिस्तानी घुसपैठियों को खदेड़कर लहराया था तिरंगा
संक्षेप: हल्द्वानी में 21 कुमाऊं रेजीमेंट के पूर्व सैनिकों ने 38वां स्थापना दिवस मनाया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध और तीन सफल ऑपरेशनों की यादें ताजा की गईं। मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर आरएस थाना थे। पूर्व सैनिकों ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी और पर्वतीय गीतों पर नृत्य किया। डेढ़ सौ से अधिक पूर्व सैनिक कार्यक्रम में शामिल हुए।
हल्द्वानी, कार्यालय संवाददाता। हल्द्वानी में 21 कुमाऊं रेजीमेंट के पूर्व सैनिकों ने बुधवार को बटालियन का 38वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। यहां उन्होंने तीन सफल ऑपरेशन में दुश्मनों के दांत खट्टे करने की यादें ताजा कीं। कारगिल युद्ध के दौरान पाकिस्तानी घुसपैठियों को खदेड़ने की यादों पर प्रकाश डाला। डेढ़ सौ से अधिक पूर्व सैनिक कार्यक्रम में उपस्थित रहे। रामपुर रोड स्थित पंचायत घर के पास एक बैंक्वेट हॉल में स्थापना दिवस का कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर आरएस थाना और सूबेदार मेजर ललित मोहन रहे। पूर्व सैनिक दान सिंह मेहरा ने बताया कि बटालियन ने तीन सफल ऑपरेशन किए।

इनमें ऑपरेशन पवन, ऑपरेशन राइनो और ऑपरेशन विजय शामिल रहे। भारतीय सेना के जाबांज जवानों ने दुश्मनों को सबक सिखाया था और जीत का परचम लहराया था। ऑपरेशन विजय को लेकर रिटायर्ड मोहन सिंह और खड़क सिंह ने कहा कि पाकिस्तान ने कारगिल युद्ध के दौरान घुसपैठ की कोशिश की थी लेकिन भारतीय सैन्य टीमों ने उनके बंकर समेत दुश्मनों को भागने पर मजबूर कर दिया था। इससे पहले यहां शहीद हुए जवानों को याद किया और श्रद्धांजलि दी। कुमाउनी परिधान में आए पूर्व सैनिकों की पत्नियों और बच्चों ने पहाड़ी और गढ़वाली गीतों पर ठुमके लगाए। इस मौके पर पूर्व सैनिक कविंद्र सिंह बाफिला, ललित सिंह, गणेश दत्त पपनै, बची सिंह, प्रेम सिंह, बसंत सिंह, प्रकाश सिंह, भूपाल सिंह, जोत सिंह, महेंद्र सिंह, दुर्गा सिंह, केवलानंद समेत आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




