Haldwani News: कचरा बीनने वालों को सम्मान, रैगपिकर्स बनेंगे ‘पर्यावरण मित्र’
Haldwani News: हल्द्वानी नगर निगम ने कचरा बीनने वालों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें कानूनी मान्यता देने की योजना बनाई है। ये लोग अब आधिकारिक पहचान पत्र प्राप्त करेंगे और नगर निगम उन्हें तय दरों पर कबाड़ खरीदेगा। साथ ही, इनका स्वास्थ्य बीमा, आवास और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

Haldwani News: हल्द्वानी। भोर की पहली किरण फूटने से पहले ही पीठ पर बोरी लादे शहर की गलियों और कूड़े के ढेरों से प्लास्टिक, कांच और कबाड़ बीनने वाले बेनाम चेहरे, जो खामोशी से शहर को स्वच्छ बनाते हैं, अब गुमनामी और उपेक्षा के साए में नहीं रहेंगे। हल्द्वानी नगर निगम ने एक संवेदनशील पहल करते हुए इन कचरा बीनने वालों (रैगपिकर्स) को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने, उन्हें कानूनी मान्यता देने और गरिमापूर्ण जीवन उपलब्ध कराने की ठोस कार्ययोजना तैयार की है। निगम अब इन अनौपचारिक सफाई कर्मियों का विधिवत पंजीकरण कर उन्हें आधिकारिक पहचान पत्र जारी करेगा, जिससे बरसों से हाशिए पर पड़ा यह तबका अधिकृत रूप से व्यवस्था का हिस्सा बन सकेगा। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सीएस टोलिया ने बताया कि विपरीत मौसम, गंदगी और संक्रमण के खतरों के बीच जान जोखिम में डालकर काम करने के बावजूद ये लोग सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और अपनी मेहनत के वाजिब हक से वंचित रह जाते हैं। इस विसंगति को दूर करने के लिए वार्ड स्तर पर तैनात सफाई पर्यवेक्षकों के जरिए व्यापक स्तर पर पंजीकरण अभियान चलाया जाएगा। पहचान मिलने के बाद निगम बिचौलियों की मनमानी खत्म करते हुए खुद इनसे तय और सही दरों पर कबाड़ खरीदेगा। इस कचरे को निगम के मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर में वैज्ञानिक पद्धति से निस्तारित और रीसाइकिल किया जाएगा। इससे शहर का अपशिष्ट प्रबंधन मजबूत होगा और इन परिवारों की आर्थिक स्थिति भी सुधरेगी。
केंद्र सरकार की ‘नमस्ते योजना’ से जोड़ा जाएगा
इस पहल का सबसे मानवीय पहलू यह है कि इन्हें केंद्र सरकार की ‘नमस्ते योजना’ से सीधे जोड़ा जा रहा है। देहरादून नगर निगम की तर्ज पर अब हल्द्वानी में भी रैगपिकर्स को स्वास्थ्य बीमा, आवास और बच्चों के लिए शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिलेगा। संक्रमण और हादसों से बचाव के लिए इन्हें आधुनिक सेफ्टी किट, ग्लव्स और सुरक्षित कार्यप्रणाली का विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।


