लीग फर्जीवाड़े के अनसुलझे राज खोलेगा ढाका का मोबाइल
हल्द्वानी में क्रिकेट लीग के नाम पर लाखों की ठगी के आरोप में विकास ढाका की कुंडली पुलिस उसके मोबाइल फोन से जांच करने की योजना बना रही है। आरोप है कि उसने पूर्व विधायक नारायण पाल और हेमंत शर्मा से क्रमशः नौ लाख और 23 लाख रुपये ठगें। विकास की जमानत पर कोर्ट में सुनवाई होगी।

हल्द्वानी। क्रिकेट लीग के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी करने के आरोपी विकास ढाका की कुंडली पुलिस अब उसके ही मोबाइल फोन से खंगालने की तैयारी कर रही है। माना जा रहा है कि आरोपी का मोबाइल ही इस फर्जीवाड़े के कई अनसुलझे राज खोलेगा। इसके लिए पुलिस न्यायालय की मदद से मोबाइल को कस्टडी में लेगी। हल्द्वानी के गौलापार स्थित अंतराष्ट्रीय स्टेडियम में क्रिकेट लीग कराने के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। नोएडा निवासी विकास ढाका पर हल्द्वानी निवासी पूर्व विधायक नारायण पाल से नौ लाख और हरियाणा के झज्जर निवासी हेमंत शर्मा से 23 लाख की ठगी करने का आरोप लगा है।
लीग में पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों के आने की बात कहकर दोनों पीड़ितों को टीमों की फ्रेंचाइजी दी गई थी। मामले में पुलिस ने विकास ढाका को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एसपी सिटी मनोज कत्याल के मुताबिक आरोपी विकास किन लोगों के संपर्क में था, किससे रोज बातें होती थी इन सब का राज आरोपी का मोबाइल फोन खोलेगा। इसके अलावा विकास के साथ इस जालसाजी में कितने और लोग शामिल थे, उनका इतिहास खंगाला जाएगा। आरोपी के मोबाइल की जांच के लिए न्यायालय में कस्टडी को आवेदन किया जाएगा। विकास की जमानत अर्जी पर फैसला आज विकास ढाका इस वक्त जेल में है। उसने अपने वकील के जरिये कोर्ट में जमानत अर्जी लगाई है। नौ फरवरी सोमवार को अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जमानत अर्जी पर सुनवाई करेंगे। सोमवार को फैसला होगा कि विकास बाहर आएगा या अभी सलाखों के पीछे ही रहेगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


