Haldwani News: एमबीपीजी में मतपत्र फाड़ने वाले पर मुकदमा दर्ज करेगी पुलिस
Haldwani News: हल्द्वानी में एमबीपीजी कॉलेज के छात्रसंघ चुनाव की मतगणना के दौरान एक उम्मीदवार ने हार से निराश होकर मतपत्रों को फाड़ दिया। इससे कॉलेज परिसर में हंगामा मच गया और पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। मामले में तहरीर मिलने पर पुलिस आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करेगी।

Haldwani News: हल्द्वानी, वरिष्ठ संवाददाता। एमबीपीजी कॉलेज में मंगलवार रात छात्रसंघ चुनाव की मतगणना के दौरान मतपत्र फाड़े जाने के मामले में पुलिस आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करेगी। मतगणना के बीच अध्यक्ष पद के एक प्रत्याशी ने हार से परेशान होकर मतपत्र फाड़े थे। घटना के बाद कॉलेज परिसर में काफी देर तक हंगामा हुआ और स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। पुलिस तहरीर का इंतजार कर रही है। छात्रसंघ चुनाव में मतदान के बाद मतगणना के दौरान हार की ओर बढ़ रही अध्यक्ष का एक प्रत्याशी तैश में आ गया। उसने अपने प्रतिद्वंदी प्रत्याशी के दर्जनों मतपत्र फाड़ डाले। इस दौरान पूरे हॉल में हंगामा मच गया।
पुलिस ने मौके पर ही प्रत्याशी को दबोच लिया और कुछ देर तनाव की स्थिति पैदा हो गई। एसएसपी डॉ.मंजूनाथ टीसी ने कहा कि मतगणना प्रक्रिया में बाधा डालने और मतपत्रों को नुकसान पहुंचाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस को तहरीर मिलते ही संबंधित आरोपी के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पुलिस घटनाक्रम से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर सकती है।

