Haldwani News: किसी ने उम्र को जुनून से हराया, किसी ने मजबूरी में थामा काम
Haldwani News: हल्द्वानी में अंतरराष्ट्रीय वृद्ध दिवस पर बुजुर्गों के जीवन के दो अलग-अलग रंग देखने को मिले। 82 वर्षीय आनंद ठिठोलिया जो सेवा से रिटायर होने के बाद भी सक्रिय हैं, और 61 वर्षीय सुजाता माहेश्वरी, जो प्रोफेशनल कथक डांसर हैं। वहीं, 67 वर्षीय अतिल अहमद और रमेश सागर जैसे बुजुर्ग रोजी-रोटी की जद्दोजहद में लगे हुए हैं।

Haldwani News: पूनम मौर्य, हल्द्वानी। उम्र के साथ कदमों की रफ्तार भले धीमी हो जाए, लेकिन जिंदगी की जिम्मेदारियां हर किसी के लिए धीमी नहीं पड़तीं। किसी के लिए 60-70 की उम्र अनुभव को समाज के काम लाने और अपने जुनून को जिंदा रखने का समय है, तो किसी के लिए बढ़ती महंगाई के बीच रोजी-रोटी की जद्दोजहद जारी रखने की मजबूरी। अंतरराष्ट्रीय वृद्ध दिवस पर हल्द्वानी में बुजुर्ग जिंदगी के ऐसे ही दो अलग-अलग रंग दिखाई देते हैं। वर्दी उतरी, सेवा का जज्बा नहीं
प्रोफेशनल कथक डांसर की कहानी
अल्मोड़ा निवासी 82 वर्षीय आनंद ठिठोलिया ने वर्ष 1965 में सैनिक के रूप में भारतीय नौसेना में सेवा शुरू की थी। वर्ष 1980 में पेटी ऑफिसर के पद से सेवानिवृत्त होने के बाद भी उन्होंने खुद को सक्रिय रखा। पिछले 46 वर्षों से हल्द्वानी में रह रहे आनंद छह साल तक वरिष्ठ नागरिक जन कल्याण समिति के अध्यक्ष रहे। वर्तमान में वे साथी संगठन के संस्थापक हैं और पिछले तीन वर्षों से देशहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय हैं। नियमित रूप से खुद को फिट रखने के साथ सामाजिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी आज भी जारी है।
उम्र के साथ जुनून
61 की उम्र में भी थिरकते हैं कदम
सुजाता माहेश्वरी के लिए उम्र उनके जुनून के रास्ते में कभी बाधा नहीं बनी। 61 वर्षीय सुजाता नियमित व्यायाम और मेडिटेशन करती हैं। पेशे से प्रोफेशनल कथक डांसर सुजाता पिछले 30 वर्षों से हल्द्वानी में अपना नृत्यालय चला रही हैं। उनकी अकादमी में करीब 120 लोग प्रतिदिन नृत्य सीखते हैं। छह दशक की उम्र पार करने के बावजूद वह खुद नृत्य करती हैं और संस्थान की जिम्मेदारी भी संभाल रही हैं।
महंगाई और कार्य की जद्दोजहद
उम्र बढ़ी, जिम्मेदारियां कम नहीं हुईं
इंदिरानगर निवासी 67 वर्षीय अतिल अहमद पिछले चार वर्षों से नगर निगम तिराहे के पास फल का ठेला लगा रहे हैं। उनका कहना है कि दिनभर मेहनत के बाद जितनी कमाई होती है, उससे किसी तरह दिहाड़ी निकल जाती है। उनका मानना है कि महंगाई के दौर में खाली बैठकर जीवन चलाना संभव नहीं है। परिवार का खर्च चलाने के लिए उम्र के इस पड़ाव पर भी काम करना पड़ रहा है।
संघर्ष की कहानी
जीवन गुजारने को रमेश कर रहे मेहनत
कालाढूंगी चौराहे पर रिक्शा चलाने वाले रमेश सागर की कहानी भी संघर्ष से भरी है। मूल रूप से उत्तर प्रदेश निवासी रमेश पिछले सात वर्षों से हल्द्वानी में रिक्शा चला रहे हैं। पत्नी के निधन के बाद उन्होंने गांव छोड़कर हल्द्वानी का रुख किया। अब रिक्शा ही उनकी रोजी-रोटी का सहारा है। रोज 200 से 300 रुपये तक कमाई हो जाती है, लेकिन कई दिन ऐसे भी गुजरते हैं जब 50 रुपये भी नहीं मिलते।

