
बुजुर्ग को सड़क पर पीटकर अधमरा किया, फिर की लूट
हल्द्वानी में एक बुजुर्ग दीप चन्द्र पन्त के साथ मारपीट कर लूट की गई। बुजुर्ग से मोबाइल फोन मांगने वाले युवकों ने मना करने पर उन पर हमला किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। हमलावरों ने सोने की अंगूठी, 7,800 रुपये नकद और अन्य दस्तावेज लूट लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
हल्द्वानी। हल्द्वानी में एक बुजुर्ग से मारपीट के बाद लूट का मामला सामने आया है। पुलिस ने बुजुर्ग की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है। बुजुर्ग से युवकों ने मोबाइल फोन मांगा था, मना करने पर उन्हें पीटा और हजारों रुपये लूट लिए। नवाबी रोड, मल्ला गोरखपुर निवासी 65 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक दीप चन्द्र पन्त ने पुलिस को शिकायत दी। पीड़ित के अनुसार, 31 दिसंबर 2025 की रात करीब 10 बजे वह स्टेट बैंक रोड से बरसाती नहर वाले रास्ते से पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान दो युवक उनके पास आए और फोन करने के बहाने मोबाइल मांगने लगे।
मना करने पर दोनों युवक उग्र हो गए और गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उन्हें सड़क पर गिराकर लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। हमले में उनके बाएं हाथ की उंगली और अंगूठे, दाहिने कान और सिर के पास गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने उनके हाथ से सोने की अंगूठी, जेब में रखे 7,800 रुपये नकद और पर्स लूट लिया। पर्स में आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज थे। आरोपियों ने पुलिस के पास जाने पर जान से मारने की धमकी भी दी। कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




