ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंड हल्द्वानीकैलास मानसरोवर यात्रा को निजी हाथों में सौंपना भ्रष्टाचार : आर्य

कैलास मानसरोवर यात्रा को निजी हाथों में सौंपना भ्रष्टाचार : आर्य

हल्द्वानी। कार्यालय संवाददाता नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कैलास मानसरोवर यात्रा को निजी...

कैलास मानसरोवर यात्रा को निजी हाथों में सौंपना भ्रष्टाचार : आर्य
हिन्दुस्तान टीम,हल्द्वानीFri, 20 May 2022 07:20 PM
ऐप पर पढ़ें

हल्द्वानी। कार्यालय संवाददाता

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कैलास मानसरोवर यात्रा को निजी हाथों में सौंपने को भ्रष्टाचार करार दिया है। उनका कहना है कि बीते 27 साल से इस यात्रा का संचालन कर रहे कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) को इस आयोजन से दरकिनार करना ठीक नहीं है। आर्य ने सरकार से इस निर्णय पर विचार कर मामले की जांच करने की मांग की है।

शुक्रवार को मीडिया को जारी बयान में आर्य ने कहा कि 1981 से विश्व प्रसिद्ध कैलास मानसरोवर यात्रा संचालित की जा रही है। केएमवीएन ने 1994 से भारतीय सीमा में कैलास मानसरोवर यात्रा शुरू की। शुरुआत के प्रतिकूल हालात में यात्रा संचालित कर केएमवीएन ने यात्रा मार्ग में करीब एक दर्जन टीआरसी व कैंप स्थापित किए। खराब मौसम के बावजूद यहां दर्जनों निगम कर्मियों ने सेवाएं दीं। क्षेत्र के ग्रामीणों को भी रोजगार से जोड़ा गया। ऐसे में ये यात्रा आज निगम की विशिष्ट पहचान बन गई है। आर्य ने कहा कि पर्यटन प्रदेश में पर्यटन के क्षेत्र में कार्य कर रहे केएमवीएन के लिए प्रतिकूल हालात में यात्रा संचालन का प्रतिफल अब और बेहतर ढंग से मिलना था लेकिन, निगम ने बिना किसी निविदा के आगामी आठ वर्षों के लिए एक निजी कंपनी से इसका करार कर लिया। ये कंपनी दशकों से बनाई गई निगम की सुविधा का सदुपयोग तो करेगी, लेकिन यात्रा स्वयं संचालित करेगी। 56000 रुपये के टिकट में सरकार या निगम के हिस्से में 12400 रुपये की धनराशि ही आएगी। ये सरकारी सिस्टम पर सवालिया निशान है। इस समय जहां पर्यटन गतिविधियों के लिए केएमवीएन को और मजबूत करने की ज़रूरत थी वहीं, निगम से ये जिम्मेदारी हटाने से कर्मचारियों और निगम के भविष्य पर भी सवालिया निशान लग गया है। नेता प्रतिपक्ष ने सवाल उठाया कि तीन दशकों से यात्रा सुचारू रूप से संचालित होने के बावजूद आखिर ऐसा क्या कारण रहा कि सरकार ने बिना टेंडर के ही निजी हाथों में ये काम सौंप दिया। आरोप लगाया कि इसमें स्पष्ट रूप से भ्रष्टाचार और सरकार की मिलीभगत जाहिर होती है। सरकार पुनर्विचार करे और निगम को पुनः ज़िम्मेदारी देते हुए, पूरे प्रकरण की जांच करे।

यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।
हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें