Haldwani News: लंपी संक्रमित पशुओं के लिए विभाग के नहीं आइसोलेशन वार्ड
Haldwani News: हल्द्वानी में लंपी वायरस के संक्रमण की आशंका के बीच पशुपालन विभाग की तैयारियों पर सवाल उठ रहे हैं। संक्रमित पशुओं के उपचार के लिए कोई आइसोलेशन वार्ड नहीं है। लावारिस गोवंशीय पशुओं में संदिग्ध लक्षण मिलने के बाद विभाग ने नगर निगम को पत्र लिखा है, लेकिन अलग व्यवस्था की आवश्यकता है।

Haldwani News: हल्द्वानी, मुख्य संवाददाता। जिले में लंपी वायरस की आशंका के बीच पशुपालन विभाग की तैयारियों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जिले में लंपी संक्रमित पशुओं को भर्ती कर उपचार और निगरानी में रखने के लिए विभाग के पास फिलहाल कोई आइसोलेशन वार्ड नहीं है। ऐसे में किसी पशु में संक्रमण की पुष्टि होने पर उसे अन्य पशुओं से अलग रखने का ही विकल्प विभाग के पास है। हल्द्वानी के जेल रोड और कमलुवागांजा क्षेत्र में दो लावारिस गोवंशीय पशुओं में लंपी वायरस के संदिग्ध लक्षण मिलने के बाद विभाग सतर्क है। हालांकि, लावारिस पशुओं के लिए अलग व्यवस्था नहीं होने से संक्रमण की स्थिति में बड़ी चुनौती खड़ी हो सकती है।
खासकर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में झुंड में घूमने वाले लावारिस गोवंशीय पशुओं के बीच संक्रमित पशु को अलग करना आसान नहीं होगा। पशुपालन विभाग का कहना है कि आइसोलेशन वार्ड की जरूरत को देखते हुए नगर निगम को पत्र लिखा गया है। विभाग की ओर से संक्रमित या संदिग्ध पशुओं को दूसरे पशुओं से दूर रखने की व्यवस्था करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, हल्द्वानी नगर निगम को छोड़कर जिले की अन्य नगर निकायों के पास भी गोशाला की सुविधा नहीं है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव सिंह ने बताया कि हमारे पास आइसोलेशन वार्ड बनाने के लिए जगह नहीं है। विभाग की ओर से वार्ड बनाने के लिए नगर निगम हल्द्वानी को पत्र लिखा गया। निगम का सहयोग से स्थान तय होने के बाद आइसोलेशन वार्ड बनाया जाएगा। हालांकि लंपी वायरस की आशंका को देखते हुए लगातार हमारी टीमें गोवंशीय पशुओं की निगरानी कर रही हैं। लावारिस पशुओं पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।


