Haldwani News: जिले में प्रीमियम पेट्रोल की मांग 20% उछली, माह के अंत तक मिलेगा स्पीड 100
Haldwani News: हल्द्वानी में वाहन मालिकों के बीच ई20 ईंधन के असमंजस के कारण प्रीमियम पेट्रोल की मांग में वृद्धि हुई है। इथेनॉल मिश्रित साधारण पेट्रोल से पुराने इंजनों को नुकसान होने का डर है, जिससे वाहन मालिक अब प्रीमियम पेट्रोल भरने की ओर रुख कर रहे हैं।

Haldwani News: हल्द्वानी। देशभर में पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण की मात्रा बढ़ने के साथ ही वाहन मालिकों के बीच अपने वाहनों के इंजन की उम्र और परफॉर्मेंस को लेकर एक अनजाना डर घर कर गया है। गाड़ियों को नुकसान पहुंचने की इसी आशंका और असमंजस के बीच, नैनीताल जिले में वाहन मालिकों ने अब साधारण पेट्रोल से दूरी बना प्रीमियम पेट्रोल से नजदीकी बना ली है। जिले में अधिकांश पेट्रोल पंपों पर वर्तमान में केवल साधारण पेट्रोल ही सबसे ज्यादा मिलता और बिकता है। इसके बावजूद, उपभोक्ताओं के मन में ई20 फ्यूल को लेकर गहरा असमंजस है। आम वाहन चालकों में यह भय है कि इथेनॉल मिश्रित साधारण पेट्रोल से पुराने इंजनों में जंग लग सकता है, माइलेज कम हो सकता है और इंजन की लाइफ घट सकती है। पर्वतीय पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह चड्ढा बताते हैं कि इथेनॉल के डर और भ्रम के चलते वाहन स्वामी अब प्रीमियम तेल ज्यादा भरवा रहे हैं। पिछले दो माह में इसकी डिमांड में तेजी आई है।
प्रीमियम पेट्रोल की मांग
उन्होंने बताया कि जिले में इस समय रोजाना करीब 2 लाख लीटर पेट्रोल की कुल खपत होती है। लेकिन डर और इंजन सुरक्षा के प्रति जागरूकता के चलते प्रीमियम पेट्रोल जैसे एक्सपी 95, स्पीड, पॉवर की मांग में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मान कर चलें कि कुल बिक्री में से अकेले 40,000 लीटर हिस्सा अब प्रीमियम ईंधन का हो चुका है। बताया कि प्रीमियम पेट्रोल 95 ऑक्टेन में मौजूद खास डिटर्जेंट्स और एडिटिव्स इथेनॉल के प्रतिकूल प्रभावों को कम करते हैं, जिससे लोग प्रीमियम तेल डलवा रहे हैं।
हल्द्वानी में स्पीड 100 पेट्रोल
हल्द्वानी, काठगोदाम और रामनगर के इन पेट्रोल पंप में मिलेगा स्पीड 100
हल्द्वानी, संवाददाता। शहरवासियों के लिए अच्छी खबर यह है कि अब उन्हें माह के अंत तक जल्द ही 100 प्रतिशत ऑक्टेन रेटिंग वाला बीपीसीएल का स्पीड 100 पेट्रोल मिलेगा जिसकी कीमत करीब 160 रुपये प्रति लीटर होगी। यह तेल उन वाहन मालिकों की पहली पसंद है जिनके पास महंगी लग्जरी कारें और सुपरबाइक्स हैं। हाई-कंप्रेशन वाले आधुनिक इंजन इथेनॉल के प्रति बेहद संवेदनशील होते हैं। इस समस्या के स्थाई समाधान और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड जिले में पहली बार अल्ट्रा-हाई ऑक्टेन पेट्रोल लॉन्च करने जा रही है, जिसे स्पीड 100 कहा जाता है। जो हाई-परफॉर्मेंस इंजनों को शत-प्रतिशत सुरक्षा देता है। पर्वतीय पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह चड्ढा ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर के भोटिया पड़ाव स्थित गुरूनानक सर्विस स्टेशन, काठगोदाम स्थित नारीमन पेट्रोल पंप और रामनगर के कॉर्बेट पार्क स्थित बीपीसीएल के पेट्रोल पंप में माह के अंत तक लोगों का यह पेट्रोल मिलना शुरू हो जाएगा।


