Haldwani News: राखी में भी दिखा सोने-चांदी का जलवा, भाई की राशि के हिसाब से क्रिस्टल वाली राखियों का बढ़ा क्रेज
Haldwani News: रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक आते ही हल्द्वानी में महंगे सोने और चांदी की राखियों की मांग बढ़ गई है। बहनें अब अपने भाई की राशि के अनुसार विशिष्ट डिजाइन वाली राखियां तैयार करा रही हैं। महंगी राखियों की कीमतें 850 रुपये से लेकर लाखों रुपये तक हैं, जिससे प्रीमियम राखियों में खास आकर्षण देखने को मिल रहा है।

Haldwani News: भूपेश कन्नौजिया, हल्द्वानी। रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक आते ही बाजार में रंग-बिरंगी राखियों की चमक बढ़ गई है। वहीं इस बार सोने और चांदी की राखियां भी अपनी अलग प्रीमियम छाप बनाए हुए हैं। महंगी धातुओं की कीमतों के बावजूद बहनों में इन राखियों को लेकर खास आकर्षण देखने को मिल रहा है। कई बहनें बाजार में उपलब्ध डिजाइन पसंद करने के बजाय अपनी पसंद और भाई की राशि के अनुसार राखियां विशेष तौर पर तैयार करवा रही हैं। इस समय बाजार में चांदी का भाव करीब 2.40 लाख रुपये प्रति किलो चल रहा है। वहीं 22 कैरेट सोने की कीमत करीब 1.43 लाख रुपये प्रति तोला और 24 कैरेट सोने का भाव करीब 1.53 लाख रुपये प्रति तोला है। इसके बावजूद प्रीमियम राखियों के खरीदार बाजार में मौजूद हैं। 92.75 प्रतिशत शुद्धता वाली चांदी की राखियां, जिनमें रेशम की डोर का इस्तेमाल किया गया है, करीब 850 रुपये से शुरू हो रही हैं। वहीं चांदी की ब्रेसलेट स्टाइल राखियों की कीमत 1200 से लेकर 3500 रुपये तक पहुंच रही है। वहीं सोने की पॉलिश और कैरेट के हिसाब से राखियों की कीमत तीन हजार से लेकर लाखों तक की हैं और इन्हें खास ऑर्डर पर तैयार कराया जा रहा है。
प्रीमियम राखियों की मांग
ज्वैलर्स अभिषेक अग्रवाल और राजीव वर्मा बताते हैं कि इस बार बहनों में प्रीमियम राखियों को लेकर खास क्रेज है। खास बात यह है कि ग्राहक केवल महंगी राखी ही नहीं, बल्कि उसमें अपनी भावनाओं और पसंद को भी जोड़ना चाहते हैं। भाई की राशि के अनुसार पुखराज, पायराइट, एमेथिस्ट, रोज क्वार्ट्ज, मून स्टोन और लैपिस लाजुली जैसे क्रिस्टल को सोने-चांदी की राखियों में मोल्ड कराया जा रहा है।
बाजार में नए रुझान
ज्वैलर्स के मुताबिक युवाओं में एस्ट्रोलॉजी और क्रिस्टल को लेकर बढ़ते रुझान का असर राखियों पर भी दिखाई दे रहा है। बहनें अब भाई की कलाई पर ऐसी राखी बांधना चाहती हैं जो रिश्ते की मिठास के साथ शुभता और समृद्धि की कामना का प्रतीक भी बने। यही वजह है कि प्रीमियम सेगमेंट की इन राखियों ने बाजार में अपनी खास जगह बना ली है और इनके लिए ग्राहक कीमत से ज्यादा डिजाइन, धातु और व्यक्तिगत पसंद को महत्व दे रहे हैं।


