हल्द्वानी में आंबेडकर जयंती पर सड़कों में गूंजा जय भीम का नारा
हल्द्वानी में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। शोभायात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। आंबेडकर पार्क में मुख्य कार्यक्रम में उनके योगदान और विचारों को याद किया गया। सभी ने समतामूलक समाज की दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प लिया।

देवेंद्र रौतेला हल्द्वानी, कार्यालय संवाददाता। संविधान निर्माता, भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती हल्द्वानी में धूमधाम से मनाई गई। डॉ. बीआर आंबेडकर जन्म दिवस समारोह समिति की ओर से शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। आंबेडकर पार्क दमुवाढूंगा में मुख्य कार्यक्रम हुआ, जिसमें वक्ताओं ने संविधान निर्माण और समाज के पिछड़े, शोषित वर्ग के उत्थान की दिशा में बाबा साहब के अमूल्य योगदान को याद किया। उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। कहा कि उनके विचारों से ही समतामूलक समाज का निर्माण होगा।डॉ. आंबेडकर की जयंती पर मंगलवार को मंगलपड़ाव आंबेडकर पार्क में लोग जुटे।
पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, मेयर गजराज सिंह बिष्ट सहित अन्य लोगों ने बाबा साहब की मूर्ति का माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद निकली शोभायात्रा तिकोनिया होते हुए एमबी इंटर कॉलेज के मैदान में पहुंचकर संपन्न हुई। रास्ते में जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत किया गया। तिकोनिया चौराहे पर विधायक सुमित हृदयेश और पूर्व पार्षद राधा आर्या ने फूलों की वर्षा कर शोभायात्रा का अभिनंदन किया। अपराह्न दमुवाढूंगा में हुए मुख्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जेएनयू के प्रोफेसर वाईएस अलोने और विशिष्ट अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. शीला आर्या ने कहा कि आज देश को आंबेडकर के विचारों के अनुसार मिलजुल कर आगे बढ़ाने के लिए काम करना होगा। इस मौके पर स्नेह भोज का आयोजन भी किया गया। मुख्य संयोजक दीपदर्शन, सह संयोजक विरेंद्र कुमार टम्टा, इंद्रलाल आर्य, दिनेश कुमार आर्य, दीपक चनियाल, विनोद कुमार, मुकेश बौद्ध, अमित कुमार, विजय कुमार, हरिशचंद्र, हेमंत कुमार, सुंदरलाल बौद्ध, संजय कुमार सागर, नफीस अहमद खान, मुकेश बौद्ध, विनोद बौद्ध, राजेंद्र प्रसाद, अमित कुमार, अनवर अंसारी, जीतराम, संजय कुमार टम्टा, सखावत हुसैन, संजय बगड़वाल, अमित कुमार बौद्ध मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


