Haldwani News: पर्यटकों की कार चार फीट नीचे सड़क पर पलटी
Haldwani News: हल्द्वानी के मुखानी थानाक्षेत्र के ऊंचापुल इलाके में एक कार सड़क से नीचे पलट गई, लेकिन इसमें सवार किसी को भी चोट नहीं आई। स्थानीय लोगों ने कार में फंसे पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाला। बताया गया है कि कार सवार लोग नशे की हालत में थे और घटना में कोई भी गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।

Haldwani News: हल्द्वानी। मुखानी थानाक्षेत्र के ऊंचापुल इलाके में रविवार रात एक कार अनियंत्रित होकर एक सड़क से चार फीट नीचे दूसरी रोड पर जा पलटी। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कार सवार किसी भी व्यक्ति को खरोंच तक नहीं आई। हादसा ऊंचापुल चौराहे के पास हुआ। यहां अतिक्रमण हटाए जाने के बाद नई संपर्क सड़क का निर्माण किया गया है। यह सड़क पुरानी सड़क से लगभग चार फीट ऊंची है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक चौफुला की ओर से आ रही दिल्ली नंबर की कार के चालक का ध्यान भटक गया, जिससे वह नई सड़क पर मुड़ने के बजाय सीधे नीचे जा गिरी।
स्थानीय राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाला और वाहन को सीधा किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार में सवार लोग नशे की हालत में थे। कोतवाल सुशील जोशी ने बताया कि सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची थी, लेकिन तब तक सभी लोग वहां से जा चुके थे।


