अजब-गजब: यहां 19 साल के युवा को थमा दिया पार्षद का टिकट
हल्द्वानी में नगर निकाय चुनाव के लिए भाजपा ने एक ऐसे प्रत्याशी को मैदान में उतारा जिसकी उम्र 21 साल से कम थी। फैजान अली, जो महज 19.5 साल के हैं, नामांकन के समय अपनी उम्र के कारण चुनाव नहीं लड़ सके।...

हल्द्वानी। नगर निकाय चुनाव में रविवार को एक ऐसा प्रत्याशी भी नामांकन कराने पहुंच गया, जिसकी उम्र चुनाव लड़ने योग्य थी ही नहीं। चौंकाने वाली बात यह रही कि यह प्रत्याशी भाजपा ने मैदान में उतारा था। लेकिन टिकट देने समय उसकी उम्र का ध्यान नहीं रखा गया। आनन फानन में दूसरा प्रत्याशी खड़ा किया गया। नगर निकाय चुनाव में यह मामला वार्ड नंबर 15 किदवई नगर की ओबीसी सीट का है। भाजपा ने बीते शनिवार को हल्द्वानी के 51 वार्डों के लिए पार्षद प्रत्याशियों की सूची जारी की थी। इसमें किदवई नगर से फैजान अली को चुनाव मैदान में उतारा गया था। लेकिन फैजान नामांकन ही नहीं कर सके। फैजान के पिता असगर अली ने बताया कि उनका बेटा मैकेनिकल इंजीनियर है। उन्होंने भाजपा से बेटे के लिए टिकट का आवेदन किया था। बेटे को टिकट मिल भी गया था। रविवार को वह नामांकन कराने पहुंचे थे। मगर जब फैजान की उम्र पूछी गई, तब पता चला कि वह चुनाव नहीं लड़ सकता है। दरअसल चुनाव लड़ने के लिए उम्र 21 साल होनी चाहिए, लेकिन फैजान अभी साढ़े 19 साल का ही है। जिसके चलते नामांकन नहीं हो सका। चुनाव मैदान में उतारे गए प्रत्याशी की उम्र का पता न होना तथा बिना दस्तावेजों के टिकट दिए जाने पर भाजपा के पर्यवेक्षकों पर भी सवाल उठ रहे हैं। तहसीलदार सचिन कुमार ने बताया कि चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार की उम्र 21 साल पूरी होनी आवश्यक है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।