धान क्रय केंद्र बंद होने से किसानों में आक्रोश
गौलापार कुंवरपुर सोसाइटी एवं चोलिया लाखनवाडी सोसाइटी में धान क्रय केंद्र बंद होने से किसानों में आक्रोश पनपने लगा है। सोमवार को किसानों ने धान क्रय...

हल्द्वानी। कार्यालय संवाददाता
गौलापार कुंवरपुर सोसाइटी एवं चोलिया लाखनवाडी सोसाइटी में धान क्रय केंद्र बंद होने से किसान आक्रोशित हो गए। किसानों ने आरएफसी कुमाऊं के दफ्तर पहुंचकर विरोध जताया। इसके बाद क्रय केंद्र खोला गया।
ग्राम प्रधान खेड़ा लीला देवी ने बताया कि किसानों को धान तुलवाई के लिए टोकन दिए गए थे। लंबे समय से किसान अपनी बारी के इंतजार में घरों में धान का स्टॉक कर बैठे हुए थे। सोमवार को जब किसान धान क्रय केंद्र पहुंचे तो केंद्र बंद मिली। आक्रोशित किसानों ने इसका विरोध किया। सभी किसान जनप्रतिनिधियों के साथ आरएफसी कुमाऊं के दफ्तर पहुंच गए। किसानों की मांग के बाद धान केंद्र खोल दिया गया है। इस दौरान नीरज रैक्वाल, देवेन्द्र सिंह नौला, अर्जुन बिष्ट, दीवान सिंह संभल, राम सिंह सामन्त आदि मौजूद रहे।
