Haldwani News: टम्टा अफसरों से बोले, जाम का कारण आप और गाली खाएं हम
Haldwani News: केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने कैंचीधाम में जाम की समस्या पर अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई और तीन दिन में यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस, प्रशासन, वन और परिवहन विभाग को समन्वय से काम करने को कहा। रातीघाट मार्ग की स्थिति भी तीन दिन में साफ करने और खुद निरीक्षण करने की बात कही। सड़कों की स्थिति ठीक न होने पर संबंधित इंजीनियर के पोस्टर लगाने की चेतावनी दी।

Haldwani News: हल्द्वानी। कैंचीधाम में जाम की समस्या को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री अजय टम्टा ने शनिवार को अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई। काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में पुलिस, प्रशासन, वन विभाग और परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्होंने यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। मंत्री ने दो टूक कहा कि तीन दिन के भीतर यातायात व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो अधिकारी कार्रवाई के लिए तैयार रहें। तीन दिन में व्यवस्था सुधारने की समयसीमा देते हुए उन्होंने अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ काम करने के निर्देश दिए। बैठक में जाम की समस्या पर नाराजगी जाहिर करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि जाम के कारण लोग परेशान हो रहे हैं और जान गंवा रहे हैं। इसके बावजूद लोगों की नाराजगी जनप्रतिनिधियों को झेलनी पड़ रही है। उन्होंने अधिकारियों से कहा, जाम के कारण मैं क्यों गाली खाऊं। उन्होंने यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने और उसे प्रभावी तरीके से लागू करने के निर्देश दिए। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हल्द्वानी से लेकर कैंचीधाम तक यातायात व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए कि स्थानीय लोगों के साथ ही बाहर से आने वाले यात्रियों और पर्यटकों को भी परेशानी न हो। उन्होंने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों से आपसी समन्वय बनाकर काम करने और जाम से निपटने के लिए ठोस कदम उठाने को कहा। उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़, बागेश्वर जिले समेत इन जिलों के दूर-दराज के लोग हमसे कैंची के जाम में फंसने से उनको हो रही दिक्कतों पर नाराजगी जताते हैं।
रातीघाट मार्ग की स्थिति सुधारने के निर्देश
इंजीनियर का पोस्टर लगाने की दी चेतावनी
केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने रातीघाट वाले मार्ग की स्थिति तीन दिन में साफ करने को कहा। कहा कि तीन दिन में वह खुद रातीघाट वाले रास्ते का निरीक्षण करेंगे। इससे पहले यह मार्ग वाहनों के चलने लायक बन जाना चाहिए। इसके लिए चाहे आपको 100 मशीनें क्यों न लगानी पड़ें। उन्होंने इससे रातीघाट से आने वाले वाहन चालकों को काफी राहत मिलेगी और कैंचीधाम में जाम की समस्या कुछ हद तक हल होगी। उन्होंने कहा कि अगर सड़कों की स्थिति ठीक नहीं हुई तो मैं संबंधित इंजीनियर के पोस्टर सड़कों पर लगवा दूंगा और लोग उन्हीं से शिकायत करेंगे। क्योंकि सरकार सड़क बनाने का पैसा दे रही है। अगर आप लोग काम नहीं करेंगे तो लोग आपसे ही शिकायत करेंगे।

