जी राम जी से मिलेगी प्रदेश की कृषि को मजबूती : गणेश जोशी
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने हल्द्वानी में जी राम जी योजना की घोषणा की, जो प्रदेश में कृषि को मजबूती प्रदान करेगी। इस योजना के तहत आपदा के दौरान खेतों के सुधारीकरण, रोजगार के अवसर बढ़ाने और किसानों की आर्थिकी को मजबूत करने के उपाय शामिल हैं। विपक्ष के विरोध को उन्होंने आधारहीन बताया।

हल्द्वानी, कार्यालय संवाददाता। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को हल्द्वानी में प्रेसवार्ता कर कहा कि जी राम जी योजना से प्रदेश में कृषि को मजबूती मिलेगी। खेती को बढ़ावा देने के लिए योजना को इससे जोड़ा गया है। अब आपदा के दौरान खराब होने वाले खेतों का सुधारीकरण भी जी राम जी के तहत किया जाएगा। उन्होंने विपक्ष के विरोध को आधारहीन बताया। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को भाजपा कार्यालय में हुई प्रेसवार्ता में कहा कि कृषि को योजना से जोड़ने से किसानों की आर्थिकी मजबूत होगी। खेती के लिए श्रमिकों की जरूरत के समय योजना के काम सालभर में साठ दिन बंद किए जाएंगे।
जिससे किसानों को बुवाई और कटाई में कोई परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। वहीं अब खेतों की सुरक्षा के काम भी योजना के अंतर्गत किया जाएगा। ऐसे में आपदा के दौरान क्षतिग्रस्त खेतों का सुधारीकरण आसान होगा। उन्होंने बताया कि हिमालयी राज्यों में नब्बे प्रतिशत बजट केंद्र से दिए जाने का फायदा भी प्रदेश को मिलेगा। ग्रामीणों को सौ की जगह 125 दिन का रोजगार दिए जाने की गारंटी योजना में दी गई है। वहीं कृषि मंत्री ने बताया कि अब मटेरियल का भुगतान नब्बे दिन में होगा। जिससे ग्रामीण आर्थिकी को मजबूती मिलने से पलायन कम होगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष आधारहीन तथ्यों के साथ योजना का नाम बदले जाने का विरोध कर रहा है। जबकि 2001, 2006 और 2009 में जरूरत के अनुसार कांग्रेस ने नाम बदले हैं। अब खेती-किसानी से जिन नेताओं का सरोकार नहीं है, वह इसका विरोध कर रहे हैं। मंत्री जोशी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार खेती को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही है। अब किसानों के खेत में ही मिट्टी की जांच की जा रही है। जिससे किसान वैज्ञानिकों से मौके पर ही समस्याओं के समाधान जान रहे हैं। प्रेसवार्ता में मंडी परिषद अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर डब्बू, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




