तेंदुए से भिड़ गया 10 साल का अंश, जख्मी होने के बाद भी गला दबोचे रखा; आदमखोर को भागना पड़ा
उत्तराखंड के हल्द्वानी में 10 साल के अंश की बहादुरी की चर्चा हो रही है। तेंदुए ने उस पर घात लगाकर हमला कर दिया था। बच्चे ने जख्मी होने के बावजूद दोनों हाथों से तेंदुए का गला नहीं छोड़ा। आदमखोर को भागना पड़ा।

उत्तराखंड के हल्द्वानी में तेंदुए ने घात लगाकर 10 साल के अंश पर हमला बोल दिया। हमले में बच्चे के पेट और मुंह पर गहरे जख्म हैं। बच्चे को हायर सेंटर रेफर किया गया है। हमले के दौरान बच्चे ने जो साहस दिखाया, उसकी चौतरफा चर्चा हो रही है। उसने दोनों हाथों से तेंदुए का गला पकड़ा और आखिर तक नहीं छोड़ा। शोर मचाने पर आदमखोर को भागना पड़ा। जानकारी के अनुसार, अंश दोस्त के साथ दुकान पर सामान लेने गए गया था।
जानकारी के मुताबिक शनिवार शाम 7:15 बजे 10 वर्षीय अंश पुत्र प्रेम शंकर और उसका साथी 7 वर्षीय समर निवासी विजयपुर रतनपुर चकलुवा दुकान पर जा रहा था। घात लगाए बैठे तेंदुए ने अंश पर हमला कर दिया।
तेंदुए से भिड़ गया अंश
तेंदुए को देख अंश ने शोर मचाया और भिड़ गया। अंश की चीख सुन दुकानदार कुंदन टॉर्च जलाकर दौड़े। मेहरा ने बताया कि तेंदुए का एक पंजा अंश के मुंह और दूसरा पेट पर था। अंश ने दोनों हाथों से तेंदुए का गला पकड़ा था। उनके शोर मचाने पर तेंदुए भाग गया। रविवार को डीएफओ घर जाकर घायल बच्चे का हाल जाना।
दिनेशपुर: तालाब में डूबने से दो वर्षीय बच्ची की मौत
उधम सिंह नगर जिले के दिनेशपुर में परिजनों के साथ मामा के घर घूमने आई दो वर्षीय बच्ची की रविवार शाम को तालाब में डूबने से मौत हो गई। परिजनों ने घटना को हादसा बताते हुए पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया।
बाजपुर निवासी गौरांग की दो वर्षीय बेटी खुशी अपने परिवार के साथ खटोला निवासी मामा नीलू के घर आई थी। रविवार शाम करीब चार बजे बच्ची खेलते समय अचानक लापता हो गई। परिजनों ने आसपास के इलाके, सड़क और गांव में काफी देर तक उसकी तलाश की लेकिन उसका पता नहीं चला। देर शाम ग्रामीणों को तालाब के पास बच्ची की चप्पल दिखी, जिसके बारे में परिवार तक सूचना पहुंची। मामा ने कहा कि अनहोनी की आशंका पर तालाब में तलाश की गई। गोताखोरों ने काफी प्रयास के बाद बच्ची को बाहर निकाला। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।

