हल्द्वानी में फ्लाईओवर पर बेकाबू स्कॉर्पियो कार ने मचाया कोहराम; 4 दोस्तों को कुचला, सभी की मौत

हिन्दुस्तान, हल्द्वानी
Follow us on Google News
share

हल्द्वानी में शनिवार रात गौलापार-तीनपानी फ्लाईओवर पर काल बनकर आई एक सफेद स्कॉर्पियो ने 4 घरों के चिराग बुझाकर हमेशा-हमेशा के लिए अंधेरा कर दिया। इस हादसे में जान गंवाने वाले चारों लड़के गहरे दोस्त थे एक-दूसरे से मिलने के लिए वहां पहुंचे थे। 

हल्द्वानी में फ्लाईओवर पर बेकाबू स्कॉर्पियो कार ने मचाया कोहराम; 4 दोस्तों को कुचला, सभी की मौत

उत्तराखंड के हल्द्वानी के तीनपानी-गौलापार बाईपास फ्लाईओवर पर शनिवार रात एक बेकाबू स्कॉर्पियो गाड़ी ने चार दोस्तों को रौंद दिया। इस हादसे में बुरी तरह घायल 3 लड़कों की अस्पताल लाते वक्त मौत हो गई, जबकि एक ने देर रात आईसीयू में दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पुलिस ने स्कॉर्पियो सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस को शनिवार रात करीब 10 बजे फ्लाईओवर पर हादसे की सूचना मिली। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो 17 वर्षीय राहुल राजपूत पुत्र किशन पाल निवासी गोरापड़ाव हाथीखाल, 25 वर्षीय शिवम पुत्र बाबूराम गोरापड़ाव, 20 वर्षीय अंशु आर्य पुत्र पंकज आर्य निवासी बेरीपड़ाव और 18 वर्षीय आदित्य टम्टा निवासी गोरापड़ाव सड़क पर घायल पड़े हुए मिले। उनके पास ही एक स्कूटी पड़ी थी। बताया जा रहा है कि लालकुआं से आई बेकाबू स्कॉर्पियो कार ने चारों को कुचल दिया। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल चारों लड़कों को डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल ले गई। वहां राहुल, शिवम और अंशु को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया, जबकि आदित्य को गंभीर अवस्था में आईसीयू में भर्ती कराया गया। देर रात करीब एक बजे उसकी भी मौत हो गई। इस खबर से चारों लड़कों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। स्कॉर्पियो सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हादसा इतना जबर्दस्त था कि स्कॉर्पियो के पहिये भी निकल गए।

एसआई के भतीजे की भी मौत

इस हादसे में जान गंवाने वाला 18 साल के आदित्य टम्टा गोरापड़ाव का रहने वाला वाला था। मृतक कालाढूंगी थाने में तैनात एसआई महेन्द्र प्रसाद के चचेरे भाई का बेटा है। घटना के बाद महेंद्र प्रसाद भी एसटीएच पहुंच गए। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि मामले में एनएचएआई से भी सीसीटीवी की फुटेज मांग ली है।

पक्के दोस्त थे चारों लड़के

गौलापार-तीनपानी फ्लाईओवर पर शनिवार रात हुए हादसे ने चार परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। चारों मृतक आपस में पक्के दोस्त थे, जो रात में एक-दूसरे से मिलने की बात कहकर अपने-अपने घरों से निकले थे। ऐसा किसी ने नहीं सोचा था कि यह उनकी आखिरी मुलाकात होगी।

इस हादसे ने कई गंभीर सवाल भी खड़े कर दिए हैं। पुलिस व लोगों के बीच अब यही सवाल तैर रहा है कि आखिर रात 10 बजे चारों दोस्त स्कूटी लेकर फ्लाईओवर पर क्या करने गए थे? हादसा कैसे हुआ, यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है।

सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे

सीओ अमित कुमार सैनी ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। हादसा कैसे हुआ और वे वहां क्या कर रहे थे, इसकी जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल जा रहे हैं। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, एसपी सिटी मनोज कत्याल ने एसटीएच पहुंच मामले की जानकारी ली।

मां से वादा कर नहीं लौटा शिवम

25 वर्षीय शिवम रात करीब 9:30 बजे घर से निकला था। उसी वक्त मां सरबती ने उसे खाना खाने को कहा तो उसने वह मुस्कुराते हुए बोला, मां दोस्त बुला रहे हैं बस एक घंटे में लौटकर खा लूंगा। एक घंटे के भीतर बेटे की वापसी की जगह उसकी मौत की खबर घर पहुंची। पिता बाबूराम ने बताया, उनका बेटा पेंटर का काम करता था। मां का रो-रोकर बुरा हाल है, जो बार-बार अपने बेटे को परोसी थाली को देख रही है।

‘हिन्दुस्तान’ ने उजागर की थी कमियां

बता दें कि, हल्द्वानी में लालकुआं-काठगोदाम राजमार्ग-109 (बरेली रोड) हादसों का मुख्य केंद्र बन चुका है। ‘हिन्दुस्तान’ द्वारा बार-बार चेताने के बावजूद प्रशासन ने कोई ठोस सुरक्षा इंतजाम नहीं किए हैं। कुमाऊं को दिल्ली-यूपी से जोड़ने वाले इस प्रमुख मार्ग पर भारी वाहनों का अत्यधिक दबाव, अनियंत्रित गति, सड़क के गड्ढे और पर्याप्त डिवाइडर व क्रॉसिंग की कमी हादसों का मुख्य कारण बने हुए हैं, जिससे यह हाईवे बेहद खतरनाक हो गया है।

हाईवे पर प्रमुख हादसे

● 01 जनवरी 2024 : ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत।

● 03 दिसंबर 2024 : कार और ट्रक की भिड़ंत में दो युवकों की मौत।

● 14 जुलाई 2025 : हल्दूचौड़-लालकुआं हाईवे पर व्यापारी दीपक जोशी की मौत।

● 28 अगस्त 2025 : स्कूल बस पलटने से करीब 12 छात्र घायल।

● 17 जनवरी 2026 : ट्रांसपोर्ट नगर में ट्रक की चपेट में आने से दंपति की मौत।

● 28 फरवरी 2026 : बेरीपड़ाव स्थित अष्टादश भुजा महालक्ष्मी मंदिर के सामने कार्तिक कांडपाल की सड़क हादसे में मौत।

● 03 जुलाई 2026 : गोरापड़ाव क्षेत्र में रॉन्ग साइड आ रहे ट्रक की टक्कर में छात्र सिद्धार्थ की मौत।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।