पढ़ाने पहुंचे शिक्षक 50, पढ़ने आए सिर्फ 20 छात्र… हल्द्वानी में गजब हो गया!
हल्द्वानी में बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए राजकीय शिक्षक संघ द्वारा शुरू की गई निशुल्क कक्षाओं के पहले दिन बच्चों में उत्साह की कमी दिखी, जहां 50 शिक्षकों के मुकाबले केवल 20 छात्र ही पहुंचे।

बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए हल्द्वानी में शिक्षकों ने निशुल्क कक्षाओं का शुक्रवार से संचालन तो किया लेकिन बच्चों में इसके प्रति उत्साह नहीं दिखा। हाल यह रहा कि जिले के दूरस्थ गांवों से कड़ाके की ठंड में 50 शिक्षक पढ़ाने के लिए पहुंचे, मगर बच्चे सिर्फ 20 ही आए। हालांकि शिक्षकों ने उपस्थित बच्चों को पढ़ाया और अन्य बच्चों को आने के लिए प्रोत्साहित भी किया।
कालाढूंगी रोड स्थित पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में राजकीय शिक्षक संघ की ओर से शुक्रवार से निशुल्क बोर्ड परीक्षार्थियों को पढ़ाने का अभियान शुरू हुआ है। आयोजक मंडल में शामिल डॉ.प्रमोद कुमार ने बताया कि यहां सरकारी हो या प्राइवेट, किसी भी स्कूल के 10वीं और 12वीं के छात्र-छात्राएं आकर तैयारी कर सकते हैं। 13 जनवरी तक स्कूल में निशुल्क अध्ययन कराया जाएगा। लेकिन पहले दिन बच्चों में उत्साह की भारी कमी देखी गई। पहले दिन 12 बच्चे हाईस्कूल के थे।
अभिभावकों और प्रधानाचार्यों से अपील
राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी ने बताया कि अभिभावकों, जनपद के सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों से अपील की गई है कि दो सप्ताह के इस निशुल्क अध्ययन का लाभ अपने बच्चों को जरूर दिलवाएं। इससे आने वाली बोर्ड परीक्षाओं में छात्र-छात्राओं को काफी मदद मिलेगी। सुबह नौ बजे से कक्षाएं शुरू हो रही हैं।
खंड शिक्षा अधिकारी ने किया शुभारंभ
कक्षाओं का शुभारंभ बीईओ तारा सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। सामाजिक कार्यकर्ता हेमंत गौनिया, अमित रस्तोगी, रेंजर मुकुल शर्मा, दिनेश सिंह, अशोक कटारिया, नवीन कपिल, रवि शंकर लोशाली, आरके सक्सेना आदि मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Anubhav Shakyaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


