उत्तराखंड में H1N1 वायरस: 25 नए केसों के बाद कुल 408 मामले, डोर-टू-डोर सर्वे करा रही सरकार
H1N1 Cases Rise: उत्तराखंड में H1N1 (स्वाइन फ्लू) वायरस ने चिंता बढ़ा दी है। 25 नए केसों के बाद कुल मामले 408 हो गए हैं। स्वास्थ्य विभाग डोर-टू-डोर सर्वे करा रही है।

H1N1 Cases Rise: त्तराखंड में स्वाइन फ्लू का संक्रमण बढ़ता ही जा रहा है। गुरुवार को 115 सैंपलों की जांच में 25 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई। इनमें 11 मरीज देहरादून और 14 अन्य क्षेत्रों के हैं। जिले में स्वाइन फ्लू के कुल मामले बढ़कर अब 408 हो गए हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, अब तक मिले 408 मरीजों में से 324 स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि दो मरीजों की मौत हो चुकी है। गुरुवार को राहत की बात यह रही कि कोविड-19 का कोई नया मरीज नहीं मिला।
डेंगू के पांच नए मरीज
वेक्टर जनित बीमारियों में भी डेंगू के नए मामले सामने आए हैं। गुरुवार को 648 सैंपलों की जांच में पांच मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई। इनमें दो मरीज देहरादून और तीन अन्य क्षेत्रों के हैं। जिले में अब तक डेंगू के 150 मरीज मिल चुके हैं। इनमें 128 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। डेंगू से अब तक किसी की मृत्यु नहीं हुई है।
स्वास्थ्य विभाग ने कराया 11,872 घरों का सर्वे
राजधानी में बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को 11,872 घरों का डोर-टू-डोर सर्वे कराया। आशा कार्यकर्ताओं व स्वयंसेवकों ने घर-घर जाकर जानकारी जुटाई। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मच्छरों का लार्वा नष्ट करने को सोर्स रिडक्शन, जागरूकता अभियान व फॉगिंग भी की जा रही है। नगर निगम की ओर से भी शहर में लार्वीसाइड का छिड़काव किया जा रहा है। यदि आपके क्षेत्र में फॉगिंग नहीं हुई तो स्थानीय पार्षद से संपर्क करें।
स्वाइन फ्लू से बचाव
● खांसी, बुखार या सांस संबंधी लक्षण होने पर भीड़भाड़ वाली जगहों से बचें।
● खांसते या छींकते समय मुंह-नाक ढकें और हाथों की स्वच्छता का ध्यान रखें।
● लक्षण होने पर डॉक्टर से सलाह लें और बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा न लें।
● बुजुर्गों, बच्चों और अन्य संवेदनशील लोगों के आसपास विशेष सावधानी बरतें।

