Hindi Newsउत्तराखंड न्यूज़Free Treatment for Road Accident Victims in Private Hospitals too Uttarakhand CM Dhami Announces
सड़क हादसों में घायलों को प्राइवेट अस्पतालों में भी फ्री इलाज, उत्तराखंड CM धामी का ऐलान

सड़क हादसों में घायलों को प्राइवेट अस्पतालों में भी फ्री इलाज, उत्तराखंड CM धामी का ऐलान

संक्षेप: उत्तराखंड सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ऐलान किया कि सड़क हादसों में घायलों को प्राइवेट अस्पतालों में भी फ्री इलाज मिले। आयुष्मान योजना के तहत सभी को कैशलेस सुविधाएं देने के निर्देश दिए हैं।

Wed, 19 Nov 2025 07:49 PMGaurav Kala लाइव हिन्दुस्तान, देहरादून
share Share
Follow Us on

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक के दौरान निर्देश दिये कि राज्य में दुर्घटना प्रभावित लोगों को आयुष्मान योजना के अलावा अन्य अस्पतालों में भी कैशलेस उपचार के लिए परिवहन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रस्ताव बनाया जाए। सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए उन्होंने और प्रभावी प्रयास करने के निर्देश अधिकारियों को दिये।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

सीमावर्ती और पर्वतीय क्षेत्रों में सघन चौकिंग

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों में कड़ी चौकिंग सुनिश्चित की जाए। पर्वतीय मार्गों पर विशेष सतर्कता रखी जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी वाहन में ओवरलोडिंग न हो। जनता को नियमित जागरूक कर यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए।

ये भी पढ़ें:उत्तराखंड में बनाए जाएंगे 95 आध्यात्मिक गांव, मोदी की सलाह पर CM धामी का ऐलान

बस अड्डों पर सफाई और सुरक्षा अभियान

सीएम धामी ने बस अड्डों पर नियमित स्वच्छता और सुरक्षा से जुड़े अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमित कार्रवाई हो और दुर्घटना के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने में रिस्पांस टाइम न्यूनतम रखा जाए।

अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों में सड़क मरम्मत को प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि अतिवृष्टि से प्रभावित भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सड़क मरम्मत को सर्वोच्च प्राथमिकता मिले। जनपदों में हुई अच्छी रोड सेफ्टी पहलों को बेस्ट प्रैक्टिस के रूप में अपनाया जाए। उन्होंने एआई और तकनीक आधारित ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लागू करने तथा सभी जिलों में ट्रैफिक सिस्टम को ऑटोमेटेड मोड में संचालित करने पर जोर दिया।

ब्लैक स्पॉट सुधार और फर्स्ट रिस्पॉन्डर ट्रेनिंग

सीएम धामी ने निर्देश दिया कि चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर सड़क चौड़ीकरण और सुधार कार्य तेजी से पूरे हों। दुर्घटना की स्थिति में त्वरित सहायता सुनिश्चित करने के लिए फर्स्ट रिस्पॉन्डर ट्रेनिंग प्रोग्राम नियमित रूप से आयोजित किए जाएं।

क्रैश बैरियर और सुविधायुक्त पार्किंग व्यवस्था

उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में क्रैश बैरियर की स्थापना और रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए। गाड़ियों की पार्किंग ऐसे स्थानों पर विकसित की जाए जहां यात्रियों को सभी मूलभूत सुविधाएं मिलें। परिवहन और पर्यटन विभाग आपसी समन्वय के साथ इस संबंध में योजना तैयार करें। आगामी चारधाम और नंदा राजजात यात्रा से पहले यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाया जाए।

मासिक समीक्षा बैठक और पौधारोपण अभियान

सीएम धामी ने निर्देश दिया कि सड़क सुरक्षा के लिए परिवहन, पुलिस और लोक निर्माण विभाग हर माह बैठक कर प्रगति की समीक्षा करें। पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क किनारे पौधारोपण का कार्य वन विभाग और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से करें। बैठक में सड़क सुरक्षा के उत्कृष्ट कार्यों के लिए कई लोगों को सम्मानित भी किया गया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, सचिव शैलेश बगोली, बृजेश कुमार संत, श्री वी षणमुगम, अपर पुलिस महानिदेशक डॉ. वी.मुरूगेशन, आईजी राजीव स्वरूप, आयुक्त परिवहन रीना जोशी, अपर सचिव श्री विनीत कुमार, रोहित मीणा और संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Gaurav Kala

लेखक के बारे में

Gaurav Kala
गौरव काला को नेशनल, राजनीति, अंतरराष्ट्रीय, क्राइम और वायरल समाचार लिखना पसंद हैं। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में 10 साल कार्य का अनुभव। लाइव हिन्दुस्तान से पहले अमर उजाला, दैनिक जागरण और ईटीवी भारत जैसे मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं। इन्होंने हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में स्नातक और स्नातकोत्तर की पढ़ाई की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।