इस राज्य में मेधावी छात्रों को मुफ्त कोचिंग, ये संस्थान कराएंगे तैयारी; कैसे होगा चयन
Free Online Coaching: उत्तराखंड में ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण' योजना शुरू की गई है। इसमें प्रदेश के 11000 मेधावी छात्रों को फ्री ऑनलाइन कोचिंग दी जाएगी।

Free Online Coaching: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सेवक सदन में ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण’ योजना का शुभारंभ कर दिया है। इस योजना के तहत राज्य के प्रतिभाशाली 11 हजार छात्रों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए मेहनत के साथ बेहतर मार्गदर्शन और नियमित अभ्यास जरूरी है। दूरस्थ क्षेत्रों में अनेक प्रतिभाशाली युवा आर्थिक परिस्थितियों, उचित मार्गदर्शन और संसाधनों की कमी के कारण अच्छे कोचिंग संस्थानों तक नहीं पहुंच पाते। सरकार ने तय किया है कि संसाधनों की कमी और आर्थिक तंगी किसी भी प्रतिभाशाली युवा के सपनों की राह में बाधा नहीं बनेंगी। सरकार युवाओं को अवसर, संसाधन, मार्गदर्शन और पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। मुख्य सचिव आनंदबर्द्धन ने कहा कि योजना से जुड़े कोचिंग संस्थान इसे केवल व्यावसायिक दायित्व न मानकर व्यक्तिगत एवं सामाजिक दायित्व के रूप में लें।
युवाओं से ले रहे सुझाव
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश के भविष्य की दिशा तय करने में सरकार युवाओं की सक्रिय भागीदारी तय कर रही है। ढाई लाख से अधिक छात्रों से उनके विचार और सुझाव लिए जा रहे हैं। युवाओं की आशाओं, आकांक्षाओं और रोजगार से जुड़े विषयों पर काम करने के लिए अलग से युवा आयोग बनाया जाएगा। इस मौके पर मंत्री गणेश जोशी, उच्च शिक्षा उन्नयन समिति के उपाध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र भसीन, डॉ. जयपाल चौहान, सचिव उच्च शिक्षा डॉ.बीवीआरसी पुरूषोत्तम, सचिव संस्कृत शिक्षा दीपक कुमार, अपर सचिव उच्च शिक्षा मनुज गोयल आदि मौजूद रहे।
स्क्रीनिंग परीक्षा के आधार पर होगा चयन
ऑनलाइन निशुल्क कोचिंग के लिए छात्रों का चयन स्क्रीनिंग परीक्षा के जरिए होगा। उच्च शिक्षा विभाग छात्रों से ऑनलाइन आवेदन लेकर परीक्षा करवाएगा। कोचिंग देने वाली संस्थाएं ऑनलाइन कोचिंग देने के साथ ही मॉक टेस्ट में बैठने का अवसर देंगे और स्टडी मटीरियल भी उपलब्ध कराएंगे। साथ ही रिकॉडेड लेक्चर, डिजिटल अध्ययन सामग्री, प्रश्न बैंक, नियमित ऑनलाइन टेस्ट और प्रदर्शन के आधार पर छात्रों का मूल्यांकन भी किया जाएगा। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने बताया योजना के तहत प्रदेश के राजकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों तथा राज्य विश्वविद्यालयों के स्नातक एवं स्नातकोत्तर अंतिम वर्ष के करीब 11 हजार छात्र-छात्राओं को लाभान्वित किया जाएगा।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मिलेगा बेहतर अवसर
सीएम धामी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य सिर्फ सरकारी नौकरियां उपलब्ध करवाना नहीं है। सरकार चाहती है कि युवा नौकरी मांगने वाला नहीं बल्कि नौकरी देने वाले बने। इसी दिशा में स्वरोजगार, स्टार्टअप, कौशल विकास, उद्यमिता और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने को कार्य किया जा रहा है।
ये संस्थान देंगे कोचिंग
स्टडी आईक्यू दिल्ली, महेंद्र प्रा. लि. लखनऊ, दून डीमर्स देहरादून अलग-अलग प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाने के लिए चयनित किए गए हैं।
इन परीक्षाओं के लिए मौका
सिविल सर्विसेज के लिए 2,000, एनडीए, सीडीएस और सेना भर्ती परीक्षाओं के लिए 2,000, एसएससी, बैंकिंग और रेलवे परीक्षाओं के लिए 5,000, नेट, गेट और जेआरएफ के लिए 1,000 तथा उच्चस्तरीय प्रवेश परीक्षाओं के लिए 1,000 छात्रों को अवसर मिलेगा।

