उत्तराखंड में गर्भवती महिलाओं के लिए मुफ्त हेलीकॉप्टर सेवा शुरू, सबसे पहले इस जिले से हुई शुरुआत

पीटीआई, रुद्रप्रयाग, उत्तराखंड
Follow us on Google News
share

राज्य के स्वास्थ्य सचिव सचिन कुर्वे ने बताया कि दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाली गर्भवती महिलाओं के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करना सरकार की जनहितैषी सोच का परिणाम है, ताकि किसी भी महिला को समय पर उपचार से वंचित न रहना पड़े।

जखोली से गर्भवती महिला को हेलीकॉप्टर से रुद्रप्रयाग जिला अस्पताल रेफर किया गया

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जैसे पहाड़ी और दुर्गम इलाकों में रहने वाली गर्भवती महिलाओं की सुध लेते हुए उन तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच आसान बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। इस दौरान प्रशासन ने बुधवार को जिले में गर्भवती महिलाओं के लिए हैली सेवा की शुरूआत की, जिसके अंतर्गत हेलीकॉप्टर के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को अस्पतालों तक पहुंचाया जाएगा। इस दौरान पहले दिन एक महिला को जखोली से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि दुर्गम क्षेत्र में रहने वाली महिलाओं को इस योजना के जरिए सुरक्षित प्रसव की सुविधा दी जा रही है। साथ ही उन्होंने बताया कि प्रदेश के स्वास्थ्य और नागरिक उड्डयन विभाग के संयुक्त प्रयासों से उपलब्ध कराई जा रही यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क है।

उदिना बनीं इस सेवा का लाभ उठाने वाली पहली महिला

अधिकारियों के अनुसार, इस सेवा की शुरुआत के पहले ही दिन जखोली की रहने वाली उदिना को इस सेवा का लाभ मिला। इस दौरान बेहद दुर्गम क्षेत्र की निवासी उदिना को सुरक्षित प्रसव और चिकित्सा देखरेख के लिए बुधवार को हेलीकॉप्टर के जरिए जखोली से जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग पहुंचाया गया। ताकि उसका प्रसव सुरक्षित एवं चिकित्सकीय निगरानी में संपन्न कराया जा सके। समय पर अस्पताल पहुंचने से परिवार ने भी राहत की सांस ली है।

जहां पहुंचना मुश्किल, ऐसी जगहों के लिए वरदान साबित होगी योजना

रुद्रप्रयाग के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि हेलीकॉप्टर सेवा विशेष रूप से उन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए अत्यधिक लाभकारी सिद्ध होगी, जहां सड़क संपर्क सीमित है या आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना चुनौतीपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि यह पहल मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने तथा सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

सुदृढ़ बनाई जा रहीं राज्य की स्वास्थ्य सेवाएं

उधर राज्य के स्वास्थ्य सचिव सचिन कुर्वे ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के दिशा-निर्देशों में राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ और समावेशी बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाली गर्भवती महिलाओं के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करना इसी सोच का परिणाम है, ताकि किसी भी महिला को समय पर उपचार से वंचित न रहना पड़े।

उच्च जोखिम वाली महिलाओं के लिए बनेगी जीवन रक्षक

आगे उन्होंने कहा कि यह पहल विशेष रूप से उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं के लिए जीवन रक्षक साबित हो सकती है, क्योंकि ऐसे मामलों में समय पर विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा तक पहुंचना अत्यंत आवश्यक होता है। सरकार की कोशिश है कि राज्य के हर नागरिक को, चाहे वह किसी भी भौगोलिक क्षेत्र में रहता हो, समान रूप से गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

कुर्वे ने यह भी कहा कि आने वाले समय में इस सेवा का विस्तार किया जाएगा और इसे और अधिक प्रभावी बनाने के लिए तकनीकी और प्रशासनिक स्तर पर सुधार किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।

Sourabh Jain

लेखक के बारे में

Sourabh Jain

सौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव

सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।

इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।

सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।