
पूर्व भाजपा विधायक चैंपियन के बेटे की दबंगई, अफसर के बेटे से भिड़े; पिस्टल तानी- VIDEO
आरोप है कि चैंपियन के बेटे दिव्य प्रताप सिंह, गनर राजेश सिंह और अन्य ने यशोवर्धन और उनके ड्राइवर को कार से खींचकर बाहर निकाला। आरोप है कि दिव्य प्रताप ने यशोवर्धन के ड्राइवर पर पिस्टल सटाकर धमकाया।
उत्तराखंड के पूर्व मुख्य सचिव के बेटे पर हमले के आरोप में घिरे पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के बेटे दिव्य प्रताप सिंह पर पुलिस ने अब शिकंजा कसा है। अज्ञात में दर्ज हुए मुकदमे में राजपुर थाना पुलिस ने सोमवार को चैंपियन के बेटे को नामजद किया और तीन नई धाराएं भी जोड़ीं। बता दें कि मुकदमा दर्ज करवाने वाले आर यशोवर्धन केंद्रीय इंटेलिजेंस एजेंसी में बतौर अफसर कार्यरत हैं। इस मामले में भाजपा का भी बयान आया है। भाजपा ने कहा कि कानून सबके लिए बराबर है। कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार की रात साढ़े दस बजे यशोवर्धन दिलाराम चौक से साईं मंदिर की तरफ जा रहे थे। कार उनका ड्राइवर चला रहा था। पर, तभी पैसिफिक मॉल के पास लैंड क्रूजर और उसके साथ एस्कार्ट में लगी बोलरो ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। सड़क पर उचित जगह नहीं दिखने पर वे कार को रास्ता नहीं दे पाए। इसके बाद दोनों कार सवारों ने तेजी से ओवरटेक करते हुए रास्ता घेरकर उनकी कार रुकवा ली। आरोप है कि चैंपियन के बेटे दिव्य प्रताप सिंह, गनर राजेश सिंह और अन्य ने यशोवर्धन और उनके ड्राइवर को कार से खींचकर बाहर निकाला। आरोप है कि दिव्य प्रताप ने यशोवर्धन के ड्राइवर पर पिस्टल सटाकर धमकाया। डंडे और लात-घूंसे चलाए और वहां से चले गए।
मां के गनर को अपने साथ लेकर निकला था आरोपी
राजपुर रोड पर मसूरी डायवर्जन के पास हनक दिखाने का आरोपी दिव्य प्रताप सिंह अपनी मां का गनर लेकर निकला था, जो हरिद्वार पुलिस से आवंटित है। दून पुलिस के मुताबिक, दिव्य को कोई गनर नहीं मिला है। सीसीटीवी फुटेज में दिखने वाला सिपाही राजेश सिंह, दिव्य प्रताप की मां का गनर है।
आरोपी के असलहों के लाइसेंस होंगे निरस्त
एसएसपी के अनुसार, चैंपियन के बेटे दिव्य के नाम तीन असलहों का लाइसेंस है। एक राइफल और दो छोटे असलहे शामिल हैं। यह तीनों लाइसेंस डीएम कार्यालय हरिद्वार की ओर से जारी हुए हैं। इनके लाइसेंस निरस्त करने के लिए डीएम हरिद्वार को देहरादून पुलिस ने सोमवार को रिपोर्ट भेज दी है। पुलिस ने इस घटना में प्रयुक्त उस कार को भी सीज किया, जिसमें बैठकर गनर एस्कार्ट कर रहा था। हालांकि, जिस कार में चैंपियन का बेटा सवार था, उसे पुलिस ने अपने कब्जे में ही नहीं लिया।
भाजपा बोली- कानून सबके लिए बराबर
भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के बेटे से जुड़े प्रकरण को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उसने कहा है कि पुलिस इस पूरे मामले में निष्पक्ष जांच करते हुए कार्रवाई करेगी। सोमवार को मीडिया को जारी किए गए एक बयान में भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने कहा कि कानून सबके लिए बराबर है। इस पूरे मामले में पुलिस ने समय पर मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। लेकिन, पुलिस जांच पूरी होने तक किसी भी ठोस नतीजे पर पहुंचे बिना राजनैतिक टिप्पणी करना सही नहीं होगा।
72 घंटे में पेश होने को कहा
पूर्व मुख्य सचिव एस. रामास्वामी के बेटे से मारपीट में घिरा चैंपियन का बेटा दिव्य प्रताप दिल्ली चला गया है। एसएसपी अजय सिंह ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी पक्ष को नोटिस तामील करा दिया है। सोमवार को दिए गए नोटिस में दिव्य को तीन दिन में पेश होने की हिदायत दी गई है।

लेखक के बारे में
Gaurav Kalaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




