उत्तराखंड में अक्टूबर महीने में भी ज्यादा आएगा बिजली का बिल; किस पर कितना बोझ
उत्तराखंड के लोगों के लिए झटके की खबर है। अक्टूबर महीने में भी बिजली का बिल ज्यादा आएगा। बिजली बिलों में 12 पैसे से 54 पैसे प्रति यूनिट का झटका उपभोक्ताओं को लगेगा।

उत्तराखंड के लोगों के लिए अक्टूबर महीने में भी बिजली का बिल महंगा आएगा। बिजली बिलों में 12 पैसे से 54 पैसे प्रति यूनिट का झटका उपभोक्ताओं को लगेगा। ऊर्जा निगम ने अक्टूबर महीने के लिए फ्यूल एंड पावर परचेज कास्ट एडजेस्टमेंट सरचार्ज तय कर दिया है।
एक अक्टूबर से बीपीएल उपभोक्ताओं को 12 पैसे, घरेलू उपभोक्ताओं को 35 पैसे, कमर्शियल को 50 पैसे, सरकारी संस्थानों को 47 पैसे प्रति यूनिट अधिक देने होंगे। निजी ट्यूबवेल पर 15 पैसे, कृषि आधारित गतिविधियों में 22 से 24 पैसे बढ़ाए गए हैं।
किस पर कितना बोझ
उद्योगों के लिए 46 पैसे, मिक्सड लोड 45 पैसे, रेलवे के लिए 44 पैसे, इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन पर 43 पैसे प्रति यूनिट अधिक देने होंगे। अस्थाई कनेक्शन पर अतिरिक्त सरचार्ज 54 पैसे प्रति यूनिट लगेगा। मुख्य अभियंता कमर्शियल राहुल जैन की ओर से आदेश जारी किए गए हैं।
प्रदेश में आज से शुरू होगी धान और मंडुआ की खरीद
राज्य के सरकारी खरीद केंद्रों पर आज से धान और मंडुवे की खरीद शुरू हो जाएगी। इस वर्ष सरकार ने 70 लाख कुंतल धान और 1.20 लाख कुंतल मंडुवा खरीदने का लक्ष्य रखा है।
खाद्य मंत्री रेखा आर्या के अनुसार इस वर्ष साधारण धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 रुपये, ग्रेड-ए धान का 2,461 रुपये और मंडुआ का 5,205 रुपये प्रति कुंतल तय किया गया है। उधर, सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि प्रदेश में 250 क्रय केंद्रों समेत यूसीएफ हाट के माध्यम से भी मिलेट्स की खरीद होगी। मिलेट्स मिशन योजना में इस वर्ष मंडुवा, झंगोरा, दालें, तिलहन, चौलाई समेत अन्य पहाड़ी उपज की खरीद होगी। उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में किसानों से सीधे मिलेट्स खरीदेगा। प्रति कुंतल की खरीद पर संबंधित सहकारी समिति को 200 रुपये की आय होगी।
पीएम जन धन के 40 लाख खाते खोले
देहरादून। केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत देशभर में 59.30 करोड़ से अधिक खाते खोले जा चुके हैं, जिनमें उत्तराखंड में लगभग 40.91 लाख खाते शामिल हैं। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत देशभर में 60.27 करोड़ से अधिक ऋण स्वीकृत किए गए हैं, जबकि उत्तराखंड में लगभग 36.87 लाख ऋण लाभार्थियों को प्रदान किए गए हैं।
अठावले ने बीजापुर गेस्ट हाउस में उत्तराखंड के समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर राष्ट्रीय स्तर के साथ-साथ उत्तराखंड में प्रमुख केंद्रीय कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर भी प्रकाश डाला।

