देहरादून में बुजुर्ग दंपति और नौकरानी की पेचकस मारकर हत्या, घर में घुसा आरोपी इस बात पर भड़का

हिन्दुस्तान टीम, देहरादून, उत्तराखंड
share

वारदात का पता चलने के बाद लोगों ने लहूलुहान हालत में दंपति और नौकरानी को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर्स ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

 देहरादून में बुजुर्ग दंपति और नौकरानी की पेचकस से हत्या, लूट के इरादे से घर में घुसा आरोपी इस बात पर भड़का
देहरादून में बुजुर्ग दंपति और नौकरानी की पेचकस से हत्या, लूट के इरादे से घर में घुसा आरोपी इस बात पर भड़का

उत्तराखंड के देहरादून में रायपुर थाना क्षेत्र स्थित तपोवन की विष्णु लोक कॉलोनी में मंगलवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां एक बदमाश ने आयुध निर्माणी (ऑर्डिनेंस फैक्ट्री) से रिटायर्ड बुजुर्ग दंपति और उनकी नौकरानी की दिनदहाड़े पेचकस से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। इस तिहरे हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई है।

मारे गए लोगों की पहचान रजनी कपूर (75), उनके पति रमेश कपूर (80) और उनके घर में काम करने वाली महिला तिलिया देवी उर्फ ​​शीला (48) के तौर पर हुई है, जो विद्या विहार में रहते थे। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी एक प्लंबर है, जिसने काम के बदले मिलने वाले पैसों को लेकर हुई बहस के बाद इस वारदात को अंजाम दिया।

यूपी के बिजनौर का रहने वाला है आरोपी प्लम्बर

उधर आरोपी का नाम राज कुमार है, जो कि उत्तर प्रदेश के बिजनौर का रहने वाला है और पिछले पांच साल से देहरादून में रह रहा है। बताया जा रहा है कि जिस घर में यह जोड़ा अकेले रहता था, वहां बाथरूम और किचन में प्लंबिंग का काम करने के लिए उन्होंने उसे बुलाया था। पुलिस ने बताया कि वह पिछले दो साल से उनके घर पर काम कर रहा था।

पेमेंट को लेकर बुजुर्ग दंपति से हुई बहस

प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर के वक्त आरोपी प्लंबर रिटायर्ड बुजुर्ग दंपति के घर पर आया था, जिसके बाद बुजुर्ग दंपति ने उससे घर का कुछ काम कराया। इसके बाद मेहनताना देने को लेकर पति-पत्नी की उससे बहस होने लगी। विवाद के बाद आरोपी पहले तो वहां से चला गया, लेकिन थोड़ी देर बाद चोरी के इरादे से वापस आया, इसी दौरान बुजुर्ग दंपति ने उसे पकड़ लिया, जिसके बाद बौखलाए हमलावर ने उन पर पेचकस से ताबड़तोड़ वार कर दिए।

मेड ने आवाज सुनी, तो दौड़ती हुई बचाने को आई

इसी दौरान घर के बाहर से गुजर रही उनकी मेड को अंदर से आहट सुनाई दी। अनहोनी की आशंका में वह दौड़कर घर के अंदर पहुंची और बीच-बचाव की कोशिश की। इस पर आरोपी ने नौकरानी पर भी पेचकस से जानलेवा हमला कर दिया। जिससे तीनों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि हमले में इस्तेमाल किया गया पेचकस घटनास्थल से बरामद कर लिया गया है।

लोगों को जमा होते देख भागने लगा आरोपी, लोगों ने दबोचा

नौकरानी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके की ओर दौड़े। खुद को घिरता देख आरोपी घर से पैदल ही भागने लगा, लेकिन मुस्तैद लोगों ने पीछा करते हुए उसे कुछ ही दूरी पर दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से लूटी गई एक सोने की चेन बरामद हुई है।

अस्पताल ले जाते ही डॉक्टर्स ने तीनों को मृत घोषित किया

पुलिस के मुताबिक, यह घटना मंगलवार दोपहर 2.30 बजे से 3 बजे के बीच हुई। देहरादून के SSP प्रमेंद्र डोभाल ने बताया, 'दोपहर करीब 3.10 बजे रायपुर पुलिस स्टेशन को सूचना मिली कि विष्णु लोक कॉलोनी के लोगों ने एक चोर को पकड़ा है, जो एक घर में घुस गया था। पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ रखा था। घर के अंदर एक बुजुर्ग दंपति और एक महिला बेहोश और घायल हालत में मिले। उन्हें कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।'

पहले घर गया आरोपी, फिर चोरी करने के इरादे से वापस आया

डोभाल ने आगे बताया, ‘पूछताछ के दौरान राज कुमार ने पुलिस को बताया कि वह दोपहर में प्लंबिंग का काम करने के लिए उस जोड़े के घर गया था। काम पूरा होने के बाद, उसे मिलने वाले पेमेंट को लेकर बहस हो गई। इसके बाद वह घर से चला गया और फिर चोरी करने के इरादे से वापस आया। उसने जोड़े को जान से मारने की नीयत से पेचकस से उन पर हमला किया।’

Sourabh Jain

लेखक के बारे में

Sourabh Jain

सौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव

सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।

इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।

सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsउत्तराखंड न्यूज़बुजुर्ग दंपति और नौकरानी की पेचकस से हत्या, घर में घुसा आरोपी इस बात पर भड़का