स्टेडियम में खुलेआम शराब पीना पड़ा भारी, आयोजकों को नोटिस; 2 खिलाड़ी को लीग से बाहर
देहरादून में राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम रायपुर में खुलेआम शराब पीने के मामले में खेल विभाग ने ऐक्शन लिया है। आर्टिस्ट प्रीमियर लीग के दौरान शराब पीने का वीडियो वायरल होने के बाद आयोजकों को नोटिस जारी किया है। इसके अलावा दो खिलाड़ियों को लीग से बाहर कर दिया गया है।

राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम रायपुर में आर्टिस्ट प्रीमियर लीग के दौरान खुलेआम शराब का इस्तेमाल हुआ। मामले में खेल विभाग ने आयोजकों को नोटिस जारी किया है। इसके बाद दो खिलाड़ियों को लीग से बाहर कर दिया गया है। उधर, पुलिस ने भी तीन लोगों को मामले में हिरासत में लिया है। शराब पीने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह कार्रवाई की गई है। ‘हिन्दुस्तान’ इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
स्टेडियम में हरियाणा के कलाकारों की आर्टिस्ट प्रीमियर लीग चल रही है, जो 13 सितंबर तक चलेगी। इस बीच स्टेडियम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसमें स्टेडियम परिसर में दो खिलाड़ी व कुछ लोग बोतल खोलकर शराब गिलास में डालते दिखाई दे रहे हैं। टेबल पर भी शराब की बोतलें रखी दिख रही हैं। अपर निदेशक खेल अजय अग्रवाल ने बताया कि वीडियो स्टेडियम का ही है।
मामले की जांच जरूरी
खेल विभाग की ओर से जारी नोटिस के बाद आयोजकों-खिलाड़ियों की ओर से माफी मांगी गई है। फिलहाल दोनों खिलाड़ियों को लीग से बाहर कर दिया गया है। अग्रवाल ने बताया कि मामले में खेल विभाग की जांच चल रही है। लीग आगे जारी रखी जाएगी या नहीं, इस पर शनिवार को निर्णय लिया जाएगा। भविष्य में शर्तों का पालन नहीं करने वाले आयोजनों के लिए स्टेडियम को किराये पर नहीं दिया जाएगा।
शराब के आयोजन के लिए नहीं लिया गया था लाइसेंस
अपर निदेशक खेल अजय अग्रवाल ने बताया कि स्टेडियम परिसर में शराब का सेवन प्रतिबंधित है। किसी आयोजन में शराब परोसे जाने की स्थिति में इसके लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य है। इस आयोजन के लिए शराब के आयोजन का कोई लाइसेंस नहीं लिया गया था। उन्होंने बताया कि स्टेडियम में होने वाले आयोजनों के लिए आवश्यक अनुमति व नियमों का पालन करना आयोजकों की जिम्मेदारी है।
पुलिस ने तीन लोग हिरासत में लिए
राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम परिसर में शराब पीकर हुड़दंग के मामले में रायपुर पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लिया है। एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि वीडियो में दिखाई दे रहे तीनों युवकों की जानकारी जुटाकर उन्हें हिरासत में लिया। हिरासत में लिए गए युवकों में योगेश दहिया निवासी बड़खाल सोनीपत हरियाणा, सचिन निवासी ग्राम राई सोनीपत, हरियाणा और भूपेश कुमार निवासी थाना कैमरी हिसार, हरियाणा शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


