प्रेमी को सड़क पर, फिर चाचा के घर छिपी बहन को गोली से उड़ाया; कातिल भाई का एनकाउंटर
हरिद्वार में बहन और उसके प्रेमी की गोली मारकर हत्या करने वाले को पुलिस ने एनकाउंटर में दबोच लिया है। आरोपी के पैर में गोली लगी है।

हरिद्वार के झबरेड़ा में डबल मर्डर के आरोपी अमन को पुलिस ने एनकाउंटर में दबोच लिया है। उसने बहन का प्रेम प्रसंग जानने पर प्रेमी और बहन दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। बीते 26 सितंबर को हत्याकांड अंजाम देने के बाद से वह फरार चल रहा था। आधी रात पुलिस ने उसे मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। आरोपी के पैर पर गोली लगी है।
झबरेड़ा में 26 सितंबर को दोहरे हत्याकांड में आरोपी अमन के सिर पर इस कदर खून सवार था कि बहन के जान बचाने के लिए चाचा के घर भागने के बावजूद उसने उसका पीछा नहीं छोड़ा। गोली मारने के बाद उसने चाचा के घर जाकर बहन को गोली मार दी। दोनों के मकान के बीच महज दो मकान का फासला है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने एनकाउंटर में दबोचा
हरिद्वार एसपी क्राइम निशा यादव ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि 26 सितंबर को झबरेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत झबरेरी कलां गांव से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ने एक लड़की और एक लड़के की गोली मारकर हत्या कर दी है। पुलिस इस मामले में लगातार जांच कर रही थी और अभियुक्त को पकड़ने के लिए कई टीमों का गठन भी किया गया था।
इसी क्रम में 30 अक्टूबर की शाम यह सूचना मिली कि अभियुक्त अमन जो झबरेरी गांव का ही रहने वाला है, वो अपने गांव वापस आ रहा है। उसे पकड़ने की कोशिश की गई और इस दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी है। उसका मेडिकल करवाने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। यह बात सामने आई है कि उसकी बहना का एक लड़के के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा है और इसी कारण उसने अपनी बहन और लड़के की हत्या कर दी थी।
चाचा के घर जान बचाने छिपी थी बहन, घरवालों ने भी रोका
झबरेड़ा कोतवाली प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि परिजनों से पूछताछ में पता चला कि रूपा के चाचा के घर पहुंचने के बाद परिजनों ने अमन को रोकने और समझाने का प्रयास किया। इस दौरान उन्होंने बीच-बचाव कर रूपा को बचाने की कोशिश भी की, लेकिन अमन पर इसका कोई असर नहीं हुआ। उसने चाचा के घर में ही रूपा पर गोली चला दी। गोली लगने से रूपा गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे तत्काल हायर सेंटर रेफर किया गया। इस बीच इसकी भी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि अमन को अपनी बहन रूपा और सूरज के बीच प्रेम प्रसंग का शक था।
इसी शक के चलते उसने पहले सूरज को निशाना बनाया और फिर बहन की जान लेने के लिए उसके पीछे पहुंच गया। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। लोग इस बात को लेकर भी चर्चा करते रहे कि रूपा ने जान बचाने के लिए चाचा के घर में शरण ली थी, लेकिन आरोपी ने वहां भी पहुंचकर वारदात कर दी।

