दिनेश आर्य को राज्यसभा या महेंद्र भट्ट की दोबारा ताजपोशी; धामी की हर पसंद पर हाईकमान की हां
उत्तराखंड राज्यसभा टिकट पाने वाले दिनेश आर्य लंबे समय तक धामी के जनसंपर्क अधिकारी रहे। यह पहली बार नहीं है जब पुष्कर धामी की पसंद पर भाजपा हाईकमान की मुहर लगी है।

चंद्रशेखर बुड़ाकोटी/विमल पुर्वाल, देहरादून
उत्तराखंड की राज्यसभा प्रत्याशी के रूप में दिनेश आर्य का चयन कर भाजपा हाईकमान ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पसंद पर एक बार फिर भरोसा जताया है। आर्य लंबे समय तक धामी के जनसंपर्क अधिकारी रहे हैं और वर्तमान में धामी सरकार में दर्जाधारी हैं। पार्टी के बड़े दिग्गजों के बीच उनका अप्रत्याशित चयन सरकार और संगठन में धामी के बढ़ते प्रभाव का संकेत माना जा रहा है।
यह पहला मौका नहीं है, जब अहम फैसलों में धामी की राय को तरजीह मिली हो। सरकार और संगठन से जुड़े कई फैसलों में उनकी पसंद पर हाईकमान की सहमति बनी है। इससे प्रदेश से दिल्ली तक धामी की भूमिका मजबूत होने के संकेत मिले हैं।
मंत्रिमंडल में पसंद को तरजीह
मार्च में हुए मंत्रिमंडल विस्तार में चार खाली सीटों पर भी धामी की पसंद को महत्व मिला। पूर्व मंत्री और हरिद्वार विधायक मदन कौशिक को अनुभव के आधार पर जगह मिली। वहीं रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा, भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा और रुद्रप्रयाग विधायक भरत चौधरी को मंत्री बनाकर चौंकाया गया।
भट्ट को दोबारा पद
अप्रैल 2024 के राज्यसभा चुनाव में महेंद्र भट्ट के चयन में भी धामी की पैरवी की भूमिका रही। इस साल प्रदेश अध्यक्ष के चयन में सरकार-संगठन समन्वय फिर दिखा। नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की टीम में भट्ट को दोबारा प्रदेश संगठन की कमान मिली।
टिकट चयन में फ्रीहैंड
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों के चयन में हाईकमान ने धामी को फ्रीहैंड दिया। करीब 60 फीसदी टिकट तय होने में उनकी हामी की अहम भूमिका रही। आयोग, परिषद और निगमों में 150 से ज्यादा पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को दायित्व दिए जा चुके हैं। अहम नियुक्तियों में शीर्ष और प्रदेश नेताओं की राय के साथ समर्पित कार्यकर्ताओं को भी तवज्जो मिली।
प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री शाह का अटूट भरोसा
मुख्यमंत्री के रूप में पुष्कर सिंह धामी ने अपनी कार्यप्रणाली और फैसलों से हाईकमान का विश्वास मजबूत किया। इसी भरोसे के चलते उन्हें लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी मिली। उत्तराखंड में दिवंगत कांग्रेस नेता नारायण तिवारी के बाद कोई मुख्यमंत्री पांच साल का कार्यकाल पूरा नहीं कर पाया था। धामी ने सर्वाधिक समय तक मुख्यमंत्री रहने का नया रिकॉर्ड बनाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब तक 28 बार उत्तराखंड आ चुके हैं। इनमें 18 दौरे धामी के कार्यकाल में हुए हैं। देशभर के चुनावों में भी धामी भाजपा के प्रमुख प्रचार चेहरों में अपनी मजबूत जगह बना चुके हैं।
‘दिनेश दांव’ से भाजपा ने साधे सियासी समीकरण
उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा के लिए प्रत्याशी के रूप में दलित चेहरे दिनेश आर्य को उतारकर विधानसभा चुनाव से पहले सामाजिक और सियासी समीकरण साधने की कोशिश की है। खास बात यह है कि आर्य उसी संसदीय क्षेत्र से आते हैं, जहां से कांग्रेस के राज्य के सबसे बड़े दलित नेता आते हैं।
दलित वोट बैंक पर नजर
राज्यसभा की खाली हो रही सीट कुमाऊं को देने के कयास तो पहले से लगाए जा रहे थे लेकिन नैनीताल के दिनेश आर्य के नाम पर कम ही लोगों को उम्मीद थी। भाजपा ने उनके नाम पर मुहर लगाकर दावेदारों के बीच चौंकाने वाला फैसला किया। पार्टी के रणनीतिकारों के मुताबिक, इसके पीछे दलित वोट बैंक को पक्ष में करने के साथ कांग्रेस की रणनीति कमजोर करने का भी मकसद है।
दिग्गजों को पछाड़ा
भाजपा में राज्यसभा टिकट के कुल 25 दावेदार थे। इनमें तीन पूर्व मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री और कई वरिष्ठ नेता शामिल थे। प्रदेश कोर कमेटी ने दिनेश आर्य समेत 15 नामों का पैनल हाईकमान को भेजा था। इनमें से आर्य ने सभी बड़े चेहरों को पीछे छोड़ टिकट हासिल किया।
दावेदारों को भी संदेश
पार्टी के जानकारों के मुताबिक, इस चयन से विधानसभा चुनाव में टिकट की दावेदारी कर रहे नेताओं को भी संदेश गया है। पार्टी में बड़े चेहरे होने के बावजूद टिकट के लिए जमीनी सक्रियता और सियासी नफा-नुकसान को महत्व दिया जाएगा। इससे लंबे समय से संगठन के लिए काम कर रहे कार्यकर्ताओं में भी उत्साह बढ़ा है।
सियासी सफर
दिनेश आर्य ने राजनीतिक सफर संघ, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में शुरू किया। वह पार्टी के जिलाध्यक्ष के साथ राष्ट्रीय संगठन में भी काम कर चुके हैं। वह नैनीताल और मुक्तेश्वर विधानसभा सीट से दो बार टिकट मांग चुके हैं, लेकिन सफल नहीं हुए। अब लंबे समय तक लो प्रोफाइल कार्यकर्ता के तौर पर काम करने के बाद भाजपा ने उन्हें राज्यसभा का प्रत्याशी बनाकर हाई प्रोफाइल भूमिका में ला दिया है।

