
आतंकवादियों के डॉक्टर मॉड्यूल का उत्तराखंड कनेक्शन, नेटवर्क खंगाने पहुंची NIA
आतंकी माड्यूल से जुड़े होने के आरोपी डॉक्टरों का नेटवर्क खंगालने के लिए एनआईए समेत कई जांच एजेंसी और यूपी एटीएस लगी हैं। इस बीच डॉ. शाहीन और उसके कुछ करीबी उत्तराखंड में ट्रेस किए गए।
आतंकी माड्यूल से जुड़े होने के आरोपी डॉक्टरों का नेटवर्क खंगालने के लिए एनआईए समेत कई जांच एजेंसी और यूपी एटीएस लगी हैं। इस बीच डॉ. शाहीन और उसके कुछ करीबी उत्तराखंड में ट्रेस किए गए हैं। यूपी एटीएस की एक टीम को उत्तराखंड रवाना किया गया है। दूसरी ओर, डॉ. शाहीन और धर्मांतरण नेटवर्क को लेकर भी कनेक्शन खंगाला जा रहा है।
जांच एजेंसियों ने डॉ. शाहीन के मोबाइल, सोशल मीडिया और सुरक्षित मैसेजिंग ऐप पर उसके अकाउंट की गहनता से जांच की। इसी जांच के तहत यह खुलासा हुआ कि डॉ. शाहीन जिन लोगों से लगातार संपर्क में थी, उनमें से कुछ उत्तराखंड में हैं। उत्तराखंड की सीमा सहारनपुर से लगती है और सहारनपुर से ही श्रीनगर पुलिस ने डॉ. अदील को गिरफ्तार किया था। कुछ टीमों को उत्तराखंड में शाहीन की बी-पार्टी यानी फोन पर लगातार संपर्क में रहने वाले लोगों का रिकार्ड खंगालने के लिए लगाया है।
उत्तराखंड कनेक्शन को लेकर था शक : खुफिया एजेंसियों को आतंकी माड्यूल के उत्तराखंड कनेक्शन को लेकर अंदेशा था। पहले ही खुलासा हुआ था कि सहारनपुर में डॉ. अदील को प्लांट करने का कारण उत्तराखंड की सीमा नजदीक होना है। किसी भी घटना के बाद सहारनपुर में छिपने और उत्तराखंड फरार होने की प्लानिंग का खुलासा डॉ. अदील से हो चुका था।
डॉ. उमर का मकान ध्वस्त
दिल्ली में लालकिला के पास हुए विस्फोट के मुख्य आरोपी डॉ. उमर नबी का पुलवामा स्थित मकान सुरक्षाबलों ने गुरुवार देर रात धमाका कर ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि धमाके के लिए इस्तेमाल की गई आई-20 कार को डॉ. उमर चला रहा था। उधर, नूंह में एजेंसियों ने शुक्रवार को दो डॉक्टरों सहित चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। हिरासत में लिए गए डॉक्टरों की पहचान नूंह के सुनहेड़ा गांव निवासी मुस्तकीम और फिरोजपुर झिरका के अहमदवास गांव निवासी मोहम्मद के रूप में हुई है।

लेखक के बारे में
Mohammad Azamलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




