Hindi NewsUttarakhand NewsDehradun NewsWorld Diabetes Day Celebrated at Ramakrishna Mission Ashram with Awareness Rally and Cultural Programs
रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम में धूमधाम से मना विश्व मधुमेह दिवस

रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम में धूमधाम से मना विश्व मधुमेह दिवस

संक्षेप: हरिद्वार में रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम कनखल में विश्व मधुमेह दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। बच्चों ने जागरूकता रैली निकाली और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मुख्य अतिथि डॉ. ललित नारायण मिश्र ने संतों की सेवा भावना की सराहना की। कार्यक्रम में चिकित्सक, पुलिस और बच्चों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

Mon, 17 Nov 2025 11:57 AMNewswrap हिन्दुस्तान, देहरादून
share Share
Follow Us on

हरिद्वार। रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम कनखल में सोमवार को विश्व मधुमेह दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें संतों, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, बच्चों व अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। सेवाश्रम के डायबिटीज सपोर्ट ग्रुप के बच्चों ने कनखल क्षेत्र में विशाल जागरूकता रैली निकाली। रैली रविदास बस्ती, बाल्मीकि बस्ती, कनखल थाना, वैश्य कुमार सभा मार्ग, चोपटा मोहल्ला, सर्राफा बाजार और चौक बाजार से होती हुई सेवाश्रम परिसर में समाप्त हुई। रैली में मुंबई से आए चिकित्सकों, साधु-संतों, छोटे बच्चों से लेकर युवाओं तक ने भाग लिया। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

उन्होंने कहा कि रामकृष्ण मिशन के संतों का जीवन अनुकरणीय है और यहां का वातावरण सेवा की भावना से ओतप्रोत है। उन्होंने कहा कि रामकृष्ण परमहंस, मां शारदा और स्वामी विवेकानंद के विचारों को मिशन के संत धरातल पर उतारकर मानव सेवा का अद्भुत उदाहरण पेश कर रहे हैं। डॉ. मिश्र ने कहा कि टाइप-1 मधुमेह से पीड़ित बच्चों ने जिस तरह डाइट, योग और अनुशासन के माध्यम से मनोबल बढ़ाकर जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरक मिसाल पेश की है, वह अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि आजकल अनेक अस्पतालों में होटल जैसा माहौल बन गया है, जहां तीमारदारों को मरीज से मिलने तक नहीं दिया जाता। ऐसे संस्थान कम ही हैं जो सेवा और संवेदनशीलता को प्राथमिकता देते हैं, और रामकृष्ण मिशन उनमें अग्रणी है। विशिष्ट अतिथि नगर पुलिस अधीक्षक अभय प्रताप सिंह ने कहा कि बच्चों की प्रस्तुतियां मन को छू लेने वाली रहीं। उन्होंने कहा कि डॉक्टर और पुलिस दोनों 24 घंटे जनसेवा में जुटे रहते हैं। जागरूकता से बीमारी और अपराध दोनों को काफी हद तक कम किया जा सकता है, और पुलिस सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को साइबर फ्रॉड से बचने के लिए लगातार जागरूक कर रही है। उन्होंने कोविड काल में रामकृष्ण मिशन द्वारा किए गए सेवा कार्यों की भी प्रशंसा की। कार्यक्रम में सचिव स्वामी दयामूर्त्यानन्द महाराज ने अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें स्वामी विवेकानंद का चित्र, पुष्प गुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट किए। संचालन सुरभि और नर्सिंग सुपरीटेंडेंट मिनी योहानन ने संयुक्त रूप से किया, जबकि कार्यक्रम का संयोजन लेखिका डॉ. राधिका नागरथ ने किया। इस दौरान सेवाश्रम परिसर में बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, मधुमेह रोकथाम पर चित्र प्रदर्शनी लगाई, म्यूजिकल चेयर, टीम बिल्डिंग गेम्स और पासिंग द बॉल जैसे खेल खेले। मॉडर्न ग्लोबल नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों ने नाटिका के माध्यम से सही खानपान का संदेश दिया।