
समूह लोकनृत्य में ग्राफिक एरा हिल विवि, एकल नृत्य में देव संस्कृति विवि प्रथम
संक्षेप: उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती पर ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय ने समूह लोक नृत्य श्रेणी में पहला स्थान प्राप्त किया। देव संस्कृति विवि ने एकल नृत्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में 15 से अधिक विश्वविद्यालयों ने भाग लिया और उत्तराखंड की लोक-संस्कृति को दर्शाया। विजेताओं को पुरस्कार भी दिए गए।
उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती पर ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय में हुई राज्य स्तरीय नृत्य प्रतियोगिता में समूह लोक नृत्य श्रेणी में ग्राफिक एरा हिल विश्वविद्यालय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, एकल नृत्य श्रेणी में देव संस्कृति विवि ने उत्कृष्ट पहला स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में प्रदेश के 15 से अधिक विश्वविद्यालयों की टीमों ने भाग लेकर उत्तराखंड की लोक-संस्कृति, नृत्य परंपराओं और विरासत की मनोहारी झलक मंच पर प्रस्तुत की। ग्राफिक एरा विवि के रजत जयंती सभाकक्ष में आयोजित प्रतियोगिता की थीम ‘उत्तराखंड की संस्कृति और लोकजीवन’ थी। प्रतिभागियों ने गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी लोकनृत्यों को पारंपरिक वेशभूषा, लोक धुनों और पारंपरिक वाद्यों के साथ प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।

ताल-लय, संचलन, भाव-भंगिमाएं और समूह समन्वय से प्रस्तुति का पूरा वातावरण सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा। समूह लोक नृत्य में ग्राफिक एरा हिल विश्वविद्यालय प्रथम, दून विश्वविद्यालय द्वितीय और महाराजा अग्रसेन हिमालयन गढ़वाल विवि तृतीय स्थान पर रहा। एकल नृत्य श्रेणी में देव संस्कृति विवि प्रथम, पतंजलि विवि द्वितीय और श्री देव सुमन विवि तृतीय स्थान पर रहा। विजेताओं को स्मृति-चिह्न एवं नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा उन्नयन समिति के उपाध्यक्ष डॉ. देवेंद्र भसीन रहे। इस दौरान तकनीकी शिक्षा सचिव रंजीत सिन्हा, सहायक निदेशक दीपक पांडे, कुलपति डॉ.नरपिंदर सिंह, कुलसचिव डॉ.नरेश कुमार शर्मा, छात्र कल्याण समन्वयक एवं एनसीसी अधिकारी डॉ. (कैप्टन) डीसी पांडे, डॉ. एएस शुक्ला सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




