माल्टा महोत्सव: दिल्ली में भी बिखरेगी चमक, शुरू होगा 'माल्टा मिशन'
देहरादून में 'माल्टा सनो, घाम तापो' थीम पर आयोजित राज्य स्तरीय माल्टा महोत्सव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किसानों के लिए बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने 'माल्टा मिशन' की शुरुआत की बात की और कहा कि उत्तराखंड का माल्टा वैश्विक पहचान बनाएगा। इसके साथ ही सिट्रिक क्रांति से समृद्धि लाने का भी आश्वासन दिया।

देहरादून। राजधानी के सर्किट हाउस में शनिवार को 'माल्टा सनो, घाम तापो' की थीम पर आयोजित राज्य स्तरीय माल्टा महोत्सव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के किसानों के लिए बड़ी घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड का माल्टा दुनिया भर में अपनी अलग पहचान बनाएगा। इसके लिए सरकार जल्द ही 'माल्टा मिशन' शुरू करेगी और दिल्ली में भी भव्य माल्टा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा ताकि स्थानीय उत्पादकों को बड़ा बाजार मिल सके। सिट्रिक क्रांति से आएगी समृद्धि महोत्सव का भ्रमण करते हुए मुख्यमंत्री ने सभी जिलों से आए उत्पादकों के स्टालों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह प्रदेश में महक क्रांति सफल हो रही है, उसी तर्ज पर अब 'सिट्रिक क्रांति' के जरिए आर्थिकी को मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने माल्टा और गलगल के बड़े बागान स्थापित करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि वह हाल ही में अपने पैतृक गांव गए थे और वहां उन्होंने देखा कि पूरे उत्तराखंड में बागवानी के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों की समृद्धि के लिए सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है। प्रगतिशील किसानों ने पेश की मिसाल महोत्सव में पौड़ी से आए प्रगतिशील किसान हरीश आकर्षण का केंद्र रहे, जिन्होंने अपने क्षेत्र में 1000 माल्टा के पेड़ लगाएं हैं। हरीश ने बताया कि वह हर सीजन में 200 नए पेड़ लगाते हैं और शीतकाल के लिए उन्होंने 500 नए गड्ढे तैयार कर लिए हैं। मुख्यमंत्री ने उनके जज्बे की सराहना की।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


