उत्तराखंड में स्वगणना शुरू, राज्यपाल ने भरा सबसे पहले ब्योरा

Apr 10, 2026 01:36 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, देहरादून
share

देहरादून में राज्यपाल गुरमीत सिंह ने जनगणना की शुरुआत की। उन्होंने se.census.gov.in पोर्टल पर लॉगइन कर अपने परिवार की जानकारी दर्ज की। यह भारत की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना है, जिसमें स्व-गणना की सुविधा दी गई है। 25 अप्रैल से 24 मई तक मकान सूचीकरण का कार्य होगा।

उत्तराखंड में स्वगणना शुरू, राज्यपाल ने भरा सबसे पहले ब्योरा

देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने अपना ऑनलाइन ब्योरा दर्ज करते हुए शुक्रवार को राज्य में जनगणना की शुरूआत की। सुबह लोकभवन में अपने कार्यालय में राज्यपाल ने विधिवत रूप से se.census.gov.in पोर्टल पर अपने मोबाइल नंबर और जरूरी जानकारी के साथ लॉगइन कर अपने और अपने परिवार की जानकारी डिजीटल रूप में दर्ज कराया। इसके साथ ही उत्तराखंड में जनगणना के प्रथम चरण की गतिविधियां शुरू हो गईं। राज्यपाल ने सभी से अपील की कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें। स्व-गणना के माध्यम से सटीक एवं पूर्ण जानकारी दर्ज कराएं। यह वेब पोर्टल बेहद सरल और उपयोग में सहज बनाया गया है।

इसमें आम आदमी भी बिना परेशानी के सभी सूचनाएं भर सकता है। राज्यपाल ने युवाओं एवं सामाजिक संस्थाओं से भी आग्रह किया कि वे इस प्रक्रिया में सहयोग करें और अन्य लोगों को डिजिटल माध्यमों के उपयोग में सहायता प्रदान करें, ताकि कोई भी व्यक्ति इस प्रक्रिया से न छूटे।जनगणना निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि यह जनगणना भारत की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना है। इसमें डेटा संग्रहण डिजिटल उपकरणों के माध्यम से किया जा रहा है। साथ ही, नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा प्रदान की गई है, जो एक सुरक्षित एवं वेब-आधारित प्रणाली है।उन्होंने कहा कि राज्य में प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 25 अप्रैल से 24 मई तक पूरे 30 दिनों तक चलाया जाएगा। घर-घर सर्वेक्षण से पूर्व प्रदेशवासियों को 10 अप्रैल से 24 अप्रैल तक स्व-गणना की सुविधा प्रदान की गई है। इस अवधि में नागरिक se.census.gov.in पोर्टल पर अपने मोबाइल नंबर एवं आवश्यक विवरण के माध्यम से लॉग इन कर स्वयं एवं अपने परिवार की जानकारी डिजिटल रूप से दर्ज कर सकते हैं। इस दौरान सचिव-जनगणना दीपक कुमार भी मौजूद रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।