धामी बोले, जिन्हें जनता ने नकार दिया वो अब अंकिता के नाम पर राजनीति कर रहे
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को दो टूक कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में यदि कोई और भी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रव

अंकिता भंडारी हत्याकांड में विपक्ष की मंशा पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को दो टूक कहा कि दिवंगत बहन अंकिता के के माता-पिता की भावनाओं के अनुसार सीबीआई जांच शुरू करा दी गई है। यदि कोई और भी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। कैंट रोड स्थित अपने कैंप कार्यालय में मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना को लांच करते हुए धामी ने सभागार में मौजूद महिलाओं के सामने अंकिता भंडारी हत्याकांड में सरकार द्वारा की गई हर कार्रवाई का सिलसिलेवार ब्योरा भी रखा। कहा कि यह बेहद भावनात्मक विषय है।
इस पर वो ज्यादा बोलना नहीं चाहते हैं। लेकिन कुछ लोग झूठ, दुष्प्रचार के आधार पर दिवंगत बहन के नाम पर राजनीति कर रहे हैं। ये वो ही लोग हैं जिन्हें जनता ने नकार दिया है। वास्तव असली पीडित तो केवल अंकिता के माता-पिता है। बाकी लोग तो सिर्फ राजनीति कर रहे हैं। इनमें कुछ ऐसे लोग भी है जब उनकी सीबीआई जांच होने लगी तो वो सीबीआई पर भी आरोप लगाने लगे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब जब वीआईपी वाले विषय की सीबीआई शुरू कर चुकी है तो थोड़ा सब्र रखिए। दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा। सरकार शुरू से ही अंकिता को न्याय दिलाने के लिए गंभीरता से काम कर रही है। अंकिता हत्याकांड का मामला आते ही सरकार ने तत्काल कार्रवाई की। जिन लोगों के नाम आए उन्हें जेल भेजा। एक महिला आईपीएस की अध्यक्षता में एसआईटी का गठन किया गया। सभी से अनुरोध किया गया था कि इस मामले में किसी के पास कोई भी जानकारी होगा, उपलब्ध कराए। लोगों ने जानकारी दी भी। एक हजार पन्नों की रिपोर्ट कोर्ट में पेश की गई। आज तीन आरेापी जेल में हैं। मुख्यमंत्री ने सभागार में मौजूद महिलाओं से भावुक अंदाज में कहा कि,सरकार किसी भी अपराधी को बचाने का काम नहीं करेगी। आपका भाई आपके मान-सम्मान की सुरक्षा के लिए सदा तत्पर रहेगा। धर्म की आड़ में महिलाओं के शोषण की अनुमति नहीं: धामी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि समान नागरिक संहिता महिलाओं को समर्पित कानून है। इसमें सुनिश्चित किया गया है कि सभी को समान अधिकार मिलेंगे। यह कानून महिलाओं के हितों केा समर्पित कानून है। प्रदेश की 50 फीसदी आबादी के अधिकार को 100 प्रतिशत सुरक्षित रखने वाला कानून है। अब कोई कुरीतियां नहीं चलेंगी। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को धर्म की आड़ में महिलाओं का शोषण करने की छूट नहीं दी जा सकती। देश के तमाम तरक्कीपसंद मुस्लिम देशों में भी समान अधिकार लागू हो चुके हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


