गैरसैंण बजट सत्र: विपक्ष के वॉक आउट के साथ राज्यपाल का अभिभाषण शुरू

Mar 09, 2026 12:03 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, देहरादून
share

गैरसैण में बजट सत्र का आगाज राज्यपाल के अभिभाषण के साथ हुआ। कांग्रेस ने सरकार पर मनमाने तरीके से सत्र चलाने का आरोप लगाते हुए सदन में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस विधायक वेल में आकर नारेबाजी करने लगे और बाद में वॉक आउट कर गए। विपक्ष का कहना है कि सरकार जनमुद्दों से भाग रही है।

गैरसैंण बजट सत्र: विपक्ष के वॉक आउट के साथ राज्यपाल का अभिभाषण शुरू
गैरसैण। राज्यपाल के अभिभाषण के साथ ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में बजट सत्र का हंगामे के साथ आगाज हो गया। सरकार पर सत्र को मनमाने तरीके से चलाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने सदन के भीतर और बाहर विरोध जताया। अभिभाषण का विरोध करते हुए कांग्रेस और निर्दलीय विधायक वॉक आउट कर सदन से बाहर आ गए। सोमवार को सुबह 11 बजे सत्र की शुरूआत होते ही कांग्रेस विधायक वेल में आ गए। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि सरकार सदन को चलाना नहीं चाहती। पहली बार ऐसा हो रहा है कि राज्यपाल के अभिभाषण के दिन ही बजट भी लाया जा रहा है। यह संसदीय परंपराओं के सरासर खिलाफ है। ऐसा नहीं होना चाहिए। इससे साफ साबित होता है कि सरकार जनमुद्दों से भागना चाहती है। थोड़ी देर विरोध प्रदर्शन करने के बाद विपक्ष के सभी विधायक वॉकआउट कर बाहर चले गए।

इससे पहले सदन में प्रवेश करने से पहले भी कांग्रेस विधायकों ने मुख्यद्वार की सीढ़ी पर सांकेतिक धरना दिया। उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी ने कहा कि भाजपा की चार साल की सरकार में महज नौ सत्र का आयोजन हुआ और सत्र भी 30 से कुछ ही ज्यादा दिन तक चल पाया। इससे साबित होता है कि सरकार सवालों से डरती है। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रीतम सिंह, हरीश धामी, विक्रम सिंह नेगी, रवि बहादुर, अनुपमा रावत, मनोज तिवारी आदि मौजूद रहे।

गैरसैंण में डोनाल्ड ट्रंप के नाम की गूंज

गैरसैण में आज अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नाम भी गूंजा। हल्द्वानी से कांग्रेस विधायक सुमित ह्दयेश अपने साथ एक तख्ती पर लिखकर लाए थे कि उत्तराखंड सरकार ट्रंप से अनुमति लेकर सत्र को 30 दिन तक चलाओ। उनका कहना था कि इस वक्त देश की सरकार ट्रंप की कठपुतली बनी हुई है। अमेरिका अनुमति दे रहा है तब रूस से तेल खरीदा जा रहा है। जब ये हालात पैदा हो गए तो उत्तराखंड सरकार को भी सत्र की अवधि बढ़ाने के लिए ट्रंप से ही अनुमति ले लेनी चाहिए।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।