ट्रैक्टर ट्राली व बाइक की भिड़ंत में दोनों के चालक मरे
लक्सर रुड़की स्टेट हाईवे पर डौसनी रेलवे फ्लाईओवर के पास एक ट्रैक्टर और बाईक के बीच सीधी टक्कर हुई। इस दुर्घटना में दोनों चालक गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

संवाददाता। लक्सर रुड़की स्टेट हाईवे पर डौसनी रेलवे फ्लाईओवर के पास ट्रैक्टर ट्रॉली व बाईक के बीच सीधी टक्कर हो गई। इसमें दोनों वाहनों के चालक घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल भेजा, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस दोनों शवों का पोस्टमार्टम करा रही है। लक्सर के पीपली गांव निवासी नवीन (उम्र 22) पुत्र नरसिंह लक्सर गांव के एक व्यक्ति का ट्रैक्टर चलाता था। गुरुवार शाम को वह ट्रैक्टर लेकर लक्सर रुड़की स्टेट हाईवे पर डौसनी गांव की तरफ गया था। वहां फ्लाई ओवर के पास एक मोटरसाइकिल से उसके ट्रैक्टर की टक्कर लग गई।
दुर्घटना होते ही ट्रैक्टर के पिछले पहिए का एक्सेल टूट गया, और चालक नवीन गिरकर उसके नीचे दब गया। उधर टक्कर लगने से बाइक चालक मेहताब (25 वर्ष) पुत्र हाकम निवासी ग्राम जैनपुर मतलूबपुर, लक्सर भी गंभीर रूप से घायल होकर गिर गया। लोगों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। इस पर पुलिस वहां पहुंची, और ट्रैक्टर के नीचे दबे नवीन को निकालकर दोनों को सीएचसी लक्सर भेजा, डॉक्टरों ने जांच करके दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस बीच सूचना पाकर दोनों के परिजन भी वहां आ चुके थे। बाद में परिजनों की सहमति से पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसएसआई लक्सर लोकपाल सिंह परमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर व बाइक दोनों कब्जे में ले लिए हैं। शवों का पोस्टमार्टम हो रहा है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट मिलने के बाद उसके मुताबिक आगे की कार्यवाही होगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


