Dehradun News: सीता सर्किट को पर्यटन मानचित्र पर मिलेगी नई पहचान, स्थलीय निरीक्षण में विकास कार्यों पर मंथन
Dehradun News: मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत सीता सर्किट को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया ने अधिकारियों और ग्रामीणों के साथ विभिन्न धार्मिक स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने पर्यटन सुविधाओं और विकास योजनाओं पर चर्चा की। स्थानीय ग्रामीणों से सुझाव लिए गए और धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत पर ध्यान देने का आश्वासन दिया गया।

Dehradun News: पौड़ी। मुख्यमंत्री घोषणा के तहत प्रस्तावित सीता सर्किट को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की कवायद तेज हो गई है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश पर शनिवार को उपजिलाधिकारी गौरी प्रभात ने संबंधित अधिकारियों और ग्रामीणों के साथ विदाकोटी मंदिर, फलस्वाड़ी सीता माता मंदिर, वाल्मीकि मंदिर तथा देवल गांव स्थित लक्ष्मण मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रस्तावित विकास कार्यों, पर्यटकीय सुविधाओं और विभिन्न आकृतियों की स्थापना के लिए संभावित स्थलों का जायजा लिया। उपजिलाधिकारी ने स्थानीय ग्रामीणों से भी बातचीत कर उनके सुझाव लिए और कहा कि क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों की योजना तैयार की जाएगी।इससे
पहले शुक्रवार को जिलाधिकारी ने एनआईसी कक्ष में पर्यटन विभाग, कार्यदायी संस्था और अन्य हितधारकों के साथ बैठक कर सीता सर्किट के विकास की कार्ययोजना पर चर्चा की थी। उन्होंने विदाकोटी, फलस्वाड़ी, वाल्मीकि मंदिर और देवल गांव के धार्मिक स्थलों को बेहतर पर्यटक सुविधाओं से जोड़ने के लिए विस्तृत योजना तैयार करने के निर्देश दिए थे। उपजिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक स्थल पर आवश्यक सुविधाओं, प्रस्तावित आकृतियों और अन्य पर्यटकीय सामग्री के लिए उपयुक्त स्थानों का चयन करते हुए स्पष्ट, व्यावहारिक और संक्षिप्त रिपोर्ट तैयार की जाए। रिपोर्ट जिलाधिकारी को प्रस्तुत होने के बाद आगामी कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।


