
शिक्षकों ने दून कूच को झोंकी ताकत, मंत्री ने बुलाई बैठक
प्रधानाचार्य सीधी भर्ती के खिलाफ आंदोलनरत शिक्षकों ने देहरादून में 20,000 शिक्षकों को एकत्रित करने की योजना बनाई है। शिक्षकों ने 2023 से लगातार आंदोलन किया है और अब निर्णायक आंदोलन करने का निर्णय लिया...
प्रधानाचार्य सीधी भर्ती के खिलाफ आंदोलनरत शिक्षकों ने बुधवार को प्रस्तावित दून कूच के लिए ताकत झोंक दी है। ब्लॉक और जिला स्तर पर पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई हैं, ताकि सचिवालय होते हुए मुख्यमंत्री आवास कूच के लिए 20 हजार शिक्षक देहरादून में जुट सकें। इधर, शिक्षा मंत्री ने भी पूरे मामले में आज बैठक बुलाई है। राजकीय शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष राम सिंह चौहान ने बताया कि राज्यभर से सभी माध्यमिक शिक्षक देहरादून पहुंच रहे हैं। क्योंकि शिक्षक 2023 से लगातार आंदोलन करते आ रहे हैं। सिर्फ कोरे आश्वासन दिए गए हैं, ऐसे में शिक्षक अब निर्णायक आंदोलन पर उतर आए हैं।

उन्होंने कहा कि इस बार शिक्षक अपनी सभी मांगों को माने बिना पीछे हटने वाले नहीं है। खासतौर पर प्रधानाचार्य सीधी भर्ती प्रक्रिया को हर हाल में निरस्त करवाया जाएगा। शिक्षा मंत्री ने बुलाई उच्च स्तरीय बैठक मामले के समाधान के लिए शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने आज शाम अपने कैंप कार्यालय में उच्च स्तरीय बैठक बुलाई है। इसमें अदालत में लंबित मामलों के निस्तारण और समाधान पर वार्ता की जाएगी। बैठक में महाधिवक्ता, मुख्य स्थायी अधिवक्ता हाईकोर्ट, प्रमुख सचिव न्याय, कार्मिक सचिव, विद्यालयी शिक्षा सचिव, महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा और निदेशक माध्यमिक शिक्षा को बैठक में बुलाया गया है। मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा आज शिक्षकों के शिक्षण के अलावा अन्य कार्यों से अलग रहने के बावजूद आज राज्यभर में मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा होनी है। अपर निदेशक शिक्षा पदमेंद्र सकलानी ने बताया कि परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। प्राइमरी के शिक्षकों को परीक्षा ड्यूटी में लगाया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




