शिक्षक संघ ने शिक्षा निदेशक पर हमले को लेकर किया रोष जाहिर
नई टिहरी में बेसिक शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल पर हुए हमले के खिलाफ शिक्षकों ने रोष व्यक्त किया है। शिक्षक संघ के नेताओं ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है। अन्यथा, शिक्षकों ने बोर्ड परीक्षाओं के बहिष्कार और अनिश्चित आंदोलन की चेतावनी दी है। यह घटना शिक्षा समाज का अपमान है।

नई टिहरी। बेसिक शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल पर हुए हमले को लेकर जनपद टिहरी के शिक्षकों ने रोष जाहिर किया है। जनपद अध्यक्ष राजकीय शिक्षक संघ टिहरी दिलवर सिंह रावत व जिला मंत्री डॉ बुद्धि भट्ट ने कहा कि मामले में शीघ्र दोषियों की गिरफ्तारी हो व कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। अन्यथा समस्त शिक्षक समाज बोर्ड परीक्षाओं के बहिष्कार सहित अनिश्चित आंदोलन के लिए भी बाध्य हो सकता है। हम अपनी प्रान्तीय कार्यकारिणी के संपर्क में हैं, जैसे भी दिशा-निर्देश मिलेंगे उसका जनपद के राजकीय शिक्षक संघ से जुड़े सदस्य पालन करेंगे। इस प्रकार के अमानवीय व्यवहार की जितनी भी निंदा की जाए, उतनी कम है।
यह अपमान केवल शिक्षा निदेशक का ही नहीं हुआ है, यह सम्पूर्ण शिक्षक समाज का अपमान है। बहुत ही सोचनीय और चिंता जनक विषय है। जब शीर्ष पदों पर बैठे हमारे उच्चाधिकारी ही सुरक्षित नहीं है, तो एक आम शिक्षक क्या सुरक्षित होगा। सबसे अधिक हैरानी तो इस बात की है, कि स्वयं को जनता का सेवक कहने वाले लोग इस प्रकार की अमानवीय घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इन अराजक तत्वों को सबक सिखाना बहुत जरूरी है। सम्पूर्ण शिक्षक समाज को एकजुट होकर इस प्रकार की तानाशाही को जड़ से मिटाना होगा। ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृति न हो।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


