स्वामी विवेकानंद के विचारों के प्रचार के जनजागरण यात्रा का दून से शुरू
स्वामी विवेकानंद जी द्वारा 125 वर्ष पूर्व की गई पद यात्रा की स्मृति में संस्कार परिवार देहरादून ने शनिवार को पदयात्रा का शुभारंभ किया। इस यात्रा का उद्देश्य नई पीढ़ी को स्वामी विवेकानंद के विचारों से...

स्वामी विवेकांनद जी द्वारा 125 वर्ष पूर्व काठगोदाम से अद्वैत आश्रम (मायावती आश्रम)लोहाघाट तक की गई पद यात्रा के स्मृति में संस्कार परिवार देहरादून द्वारा शनिवार को स्वामी विवेकांनद सनातन जनजागरण पदयात्रा का शुभारम्भ श्री राम कृष्ण मिशन आश्रम राजपुर रोड से किया गया। आश्रम के सचिव स्वामी असीमातमानंद महाराज और अन्य संतों ने अभियान संयोजक आचार्य डॉ. बिपिन जोशी के सानिध्य में पदयात्रा को रवाना किया। स्वामी असीमातमानंद महाराज ने कहा जिस तरीके से स्वामी विवेकांनद जी महाराज ने 125 वर्ष पूर्व सनातन धर्म की पताका को संपूर्ण विश्व में लहराया था, उनके विचारों का अनुशरण कर आचार्य बिपिन जोशी के सानिध्य में निकाली जा रही पदयात्रा प्राचीन ऋषि मुनि परंपरा के गौरवशाली और वैभवशाली अतीत जो जन जन तक पहुंचाएगी। अभियान संयोजक आचार्य बिपिन जोशी ने कहा कि नई पीढ़ी को स्वामी विवेकांनद की ऊर्जा और विचारों से जोड़ने, उत्तराखंड को योग भूमि बनाने के साथ ही राज्य के गांवों को योग और आयुर्वेद ग्रामों के रूप में विकसित करने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। योग, ध्यान, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से उत्तराखंड को वेलनेस का एक बड़ा हब बनाया जा सकता है। पदयात्रा से पूर्व स्वामी विवेकांनद की तपस्थली प्राचीन बावड़ी शिव मंदिर राजपुर में विशेष पूजा अर्चना की गई। यात्रा हल्द्वानी के लिए रवाना हुई, हल्द्वानी में शनिवार की सायं योग ध्यान का सत्र होगा। रविवार प्रातः 4 किलोमीटर की पदयात्रा होगी। 29 दिसम्बर 1900 को स्वामी विवेकानंद की पदयात्रा काठगोदाम से भीमताल, धारी, पहाड़पानी, मोरनौला, धुनाघाट आदि पड़ावों से होते हुए 31 दिसम्बर को अद्वैत आश्रम (मायावती आश्रम) लोहाघाट पहुंची थी। अभियान के अंत में स्वामी विवेकांनद जयंती (युवा दिवस) 12 जनवरी को श्री राम कृष्ण मिशन आश्रम किशनपुर राजपुर रोड में विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले 125 युवाओं का सम्मान होगा और यात्रा प्रयागराज कुंभ के लिए प्रस्थान करेगी। मौके पर डॉ. मथुरा दत्त जोशी, भगवती जोशी, गीता जोशी, महाकाल सेवा समिति के अध्यक्ष रोशन राणा, समाजसेवी जितेंद्र मालिक, पृथ्वी राज छेत्री,समाजसेवी ममता नागर, योगाचार्य कृष्ण अवतार मिश्रा, अजीत चौहान, नीरज का सहयोग रहा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।