Dehradun News: दून मेडिकल कॉलेज : गंभीर आरोपों पर कर्मचारियों की जांच, कोताही पर डॉक्टरों को नोटिस
Dehradun News: दून मेडिकल कॉलेज में कुछ संविदा कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगे हैं। निदेशालय ने जांच बिठा दी है। एक अधिवक्ता की शिकायत पर अस्पताल में इलाज में कोताही का मामला सामने आया है जहाँ महिला को साढ़े तीन घंटे तक उपचार नहीं मिला। इलाज में कोताही पर डॉक्टरों को भी नोटिस जारी किए गए हैं।
Dehradun News: दून मेडिकल कॉलेज में कुछ संविदा कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगे हैं। निदेशालय स्तर से उनकी जांच बैठा दी गई है। इसके अलावा इलाज में कोताही पर डॉक्टरों को नोटिस जारी किया गया है। अस्पताल में आ रही लगातार कोताही की घटनाओं ने सवाल खड़े कर दिए हैं। साढ़े तीन घंटे तड़पी महिला, इलाज न दिया
दून अस्पताल में कोताही का मामला
दून अस्पताल में इलाज में लगातार कोताही सामने आ रही है। गायनी विभाग में एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। एक अधिवक्ता ने एमएस को शिकायत कर आरोप लगाया है कि रात को उनकी पत्नी को साढ़े तीन घंटे तक उपचार ही नहीं दिया गया, जबकि वह भयंकर दर्द से कराहती रही और खून से लथपथ पड़ी रही। महिला एवं अधिवक्ता से दुर्व्यवहार का आरोप लगा है। एमएस ने एचओडी को नोटिस जारी जवाब तलब किया है।
शिकायत का विवरण
शहर के एक अधिवक्ता ने शिकायत कर बताया कि 24 सितंबर की रात करीब दो बजे वह अपनी पत्नी को गर्भपात की स्थिति में बेहद ज्यादा दर्द और भारी रक्तस्राव पर दून अस्पताल के गायनी विभाग में लाए थे। आरोप है कि मरीज को अंदर कमरे में ले जाने के बाद भी सुबह साढ़े पांच बजे तक न तो कोई इलाज दिया गया और न ही कोई दवा दी गई। साढ़े तीन घंटे तक दर्द से रोती-बिलखती रही और लहूलुहान अवस्था में पड़ी रही। जब पीड़िता व तीमारदार ने डॉक्टरों से जल्दी इलाज करने की गुहार लगाई, तो वहां मौजूद महिला डॉक्टर व स्टाफ ने जमकर दुर्व्यवहार किया। एमएस डॉ. आरएस बिष्ट ने एचओडी गायनी से संबंधित डॉक्टरों एवं स्टाफ से जवाब तलब कर नोटिस देकर रिपोर्ट मांगी है।
कार्रवाई की स्थिति
नोटिस दर नोटिस, कार्रवाई शून्य
दून अस्पताल में इमरजेंसी से लेकर गायनी तक हाल बुरे हैं। कार्रवाई के नाम पर सिर्फ नोटिसबाजी होती है। निदेशक डॉ. आशुतोष सयाना खुद छह बार यहां आ चुके हैं, लेकिन कुछ नहीं होता। अफसरों का कोई डर नहीं रह गया है।
ओपीडी में मरीजों से अभद्रता
गायनी विभाग में ही ओपीडी में मरीजों से अभद्रता के आरोप लगे हैं। एक शिकायतकर्ता प्रीतम पुजारी ने एमएस को भेजी ई-मेल में आरोप लगाया गया है कि गायनी विभाग के बाहर चेकिंग और रजिस्टर एंट्री संभालने वाला महिला स्टाफ और सुरक्षा गार्ड मरीजों के साथ दुर्व्यवहार करते हैं। तीन-तीन घंटे से लाइन में खड़े आम मरीजों को नजरअंदाज कर अपने परिचितों को अंदर भेज दिया जाता है। विरोध पर बदतमीजी की जा रही है। एमएस ने एचओडी से जवाब मांगा है।
गंभीर मरीजों के लिए दिशा-निर्देश
मेडिसिन विभाग के एचओडी ने इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को बिना इलाज ओपीडी टरकाने पर कड़ा रुख अपनाया है। एचओडी ने रेजिडेंट्स को सख्त हिदायत दी है कि इमरजेंसी में आने वाले गंभीर मरीजों का बिना उचित चिकित्सकीय मूल्यांकन व प्रबंधन किए उन्हें ओपीडी में न भेजे। एमएस की नाराजगी का जिक्र कर कहा कि ऐसा करने वाले रेजिडेंट के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
संविदा कर्मियों की जांच
मेडिकल कॉलेज के दो कर्मियों की जांच बैठी
देहरादून। दून मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के दो संविदा कर्मियों की निदेशालय ने जांच बैठा दी है। अधिवक्ता प्रदीप थलवाल की शिकायत पर निदेशक डॉ. आशुतोष सयाना ने प्राचार्य डॉ. गीता जैन से रिपोर्ट तलब की है। आरोप है कि नियमित कर्मचारियों से वित्तीय, क्रय आदि के कार्य हटाकर संविदा कर्मियों से कराए जा रहे हैं, आरोप है कि ये दोनों कर्मचारी कई तरह की डिमांड कर रहे हैं। पूर्व में भी आरोप लग चुके हैं।
पीजी डॉक्टरों के हॉस्टल में खतरा
पीजी डॉक्टरों के हॉस्टल में लगातार टाइल्स गिर रही है। इससे डॉक्टरों पर खतरा बना है। यहां पर करीब 48 आवास है। कई तलों से टाइलें निकलकर गिर रही हैं। पीजी डॉक्टरों में इसे लेकर आक्रोश बना है। कई बार शिकायत के बाद भी समाधान नहीं हो रहा है। प्राचार्य, एमएस को शिकायत कर चुके हैं। उधर, प्राचार्य डॉ. गीता जैन ने बुधवार को हॉस्टल का निरीक्षण कर जानकारी ली और पेजयल निगम को इसे तत्काल ठीक कराने को कहा है। बता दें कि दो साल पहले ही ये बना है, लगातार टाइल्स गिरने और प्लास्टर उतरने से सवाल उठ रहे हैं.

