राज्य की सड़कों के पैचवर्क के लिए 450 करोड़ जारी
मानसून सीजन में बदहाल हुई सड़कों के पैचवर्क (गडढा मुक्त) करने के लिए सरकार ने 450 करोड़ जारी कर दिए हैं। एक अक्तूबर से 30 नवंबर तक सड़कों की मरम्मत...

देहरादून। मानसून सीजन में बदहाल हुई सड़कों के पैचवर्क (गडढा मुक्त) करने के लिए सरकार ने 450 करोड़ जारी कर दिए हैं। एक अक्तूबर से 30 नवंबर तक सड़कों की मरम्मत को विशेष अभियान चलाया जाएगा।
सचिवालय में मंगलवार को अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने गढ़वाल मंडल के जिलों में स्वास्थ्य, पेयजल, शिक्षा, सड़कों व अन्य मूलभूत जन सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जिलाधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारियों को गडढ़ा मुक्त सड़कों के लिए 30 नवंबर तक की डेडलाइन दी।
उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में क्रैश बैरियर लगाए जाने को लेकर शासन स्तर पर कार्यवाही पूरी हो चुकी है। सड़क सुरक्षा के लिए इस वर्ष 300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। उन्होंने जिलाधिकारियों से ऐसे स्थानों पर क्रैश बैरियर लगाने के प्रस्ताव देने के निर्देश दिए, जो क्षेत्र दुर्घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील हैं। रतूड़ी ने स्वास्थ्य विभाग के अफसरों को एम्स ऋषिकेश में पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले मरीजों की सहायता व सुविधा के लिए हेल्प डेस्क और जरूरतमंदों के आयुष्मान कार्ड बनाने में सहायता के लिए विशेष हेल्प डेस्क बनाने के निर्देश दिए हैं। बैठक में सचिव राधिका झा,महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, अपर सचिव डा. अमनदीप कौर, विनीत कुमार, जितेंद्र कुमार सोनकर मौजूद रहे।
----
डेंगू के मद्देनजर स्वच्छता अभियान जोर दें
एसीएस रतूड़ी ने जिलाधिकारियों को डेंगू कंट्रोल रूम का मुआयना करने के साथ ही जन जागरूकता व स्वच्छता अभियान पर विशेष ध्यान देने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने जिलाधिकारियों एवं सीएमओ को अस्पतालों की व्यवस्थाओं को सुधारने, पीएमजीएसवाई योजना की नियमित समीक्षा और चारधाम यात्रा मार्ग पर वेस्ट मैनेजमेंट में बेस्ट प्रैक्टिसेज को अपनाने निर्देश दिए हैं।
----
पार्किंग स्थलों का प्रस्ताव भेजे
उन्होंने कहा कि चारधाम मार्ग पर पार्किंग की बड़ी समस्या है। जिलाधिकारी पार्किंग स्थल जल्द चिन्हित कर प्रस्ताव आवास विभाग को भेजे। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर आवाजाही के लिए अस्थायी ट्राली लगाई गई हैं। उन्होंने ऐसे स्थानों पर ब्रिज बनाने के प्रस्ताव भेजने को कहा, ताकि जनता को समय पर राहत दिलाई जा सके।

