हरिद्वार में सेवानिवृत्त शिक्षिका को बेटे-बहू ने किया परेशान, मुकदमा दर्ज
हरिद्वार की एक सेवानिवृत्त शिक्षिका ने अपने बेटे और बहू पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि उन्हें अपमानित किया गया और दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ा। परेशान होकर उन्हें दिल्ली जाना पड़ा। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।

हरिद्वार। न्यू शिवालिक नगर की एक सेवानिवृत्त शिक्षिका ने अपने बेटे और बहू पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना देने के आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि लगातार अपमान और दुर्व्यवहार से परेशान होकर उन्हें कुछ समय के लिए घर छोड़कर दिल्ली जाना पड़ा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। टिहरी विस्थापित कॉलोनी निवासी अदिति त्यागी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सेंट मैरी स्कूल से सेवानिवृत्त शिक्षिका हैं और अस्थमा की मरीज हैं। आरोप है कि पुत्र अनुग्रह त्यागी और पुत्र वधु शैल त्यागी पिछले कई महीनों से उनके साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं।
दोनों अक्सर गाली-गलौज करते हैं और सार्वजनिक रूप से अपमानित करते हैं। महिला ने बताया कि मार्च माह में पुत्रवधु ने उनके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट का प्रयास किया। अगले दिन पुत्र शराब के नशे में घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए हमला करने की कोशिश की। लगातार तनाव के चलते उन्हें अपनी बेटी के घर दिल्ली जाना पड़ा।आरोप है कि घर लौटने के बाद भी स्थिति नहीं बदली। बेटे ने अलमारी की डुप्लीकेट चाबी बनवा ली और जरूरी दस्तावेज निकाल लिए। विरोध करने पर अभद्र व्यवहार किया गया। महिला ने संपत्ति हड़पने की नीयत से जान से मारने की साजिश रचे जाने का भी आरोप लगाया है। रानीपुर कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि गुरुवार को मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


